व्रत में बनाएं नारियल से कोकोनट शेक


नवरात्रि या किसी भी पूजा पाठ के दिनों में नारियल का विभिन्न तरीकों से इस्तेमाल होता है। लोग नारियल को पूजा के कलश में रखने से लेकर कई प्रकार के पकवानों को बनाने में प्रयोग करते हैं। नारियल के अपने कई स्वास्थयवर्धक गुण भी हैं, जो इसे बाकी फलों और सब्जियों से अलग करता है। दरअसल नारियल में लैक्टोज नहीं होता और यह एक प्राकृतिक स्वी़टनर भी है। नवरात्र के दिनों में ज्यादातर लोग सात्विक भोजन करना पसंद करते हैं। ऐसे में नारियल पानी, नारियल और मूंगफली ले बनी चटनी और मिठाइयों के बारे में तो सब जानते हैं, पर आज हम आपको नारियल के दूध से बनने वाले 5 मिल्क शेक बताएंगे, जिन्हें आप व्रत के दौरान पी सकते हैं।


नारियल-सोया मिल्क शेक


सोया मिल्क को अक्सर लोग नारियल की जगह भी इस्तेमाल करते हैं क्योंकि इसमें लो केलोरी पाई जाती है। पर अगर आप व्रत के दौरान कोई अच्छा प्रोटीन मिल्क पीना चाहते हैं तो नारियस-सोयामिल्क शेक अच्छा विकल्प हो सकता है। इसके लिए आप पहले नारियल को पीस कर उसका जूस निकाल लें। फिर उसे अच्छे ले छान लें। इसके बाद नारियल के दूध को सोयामिल्क के साथ मिला लें। अच्छे से मिल जाने के बाद इसमें ठंडा दूध मिला लें। मिठास के लिए आप इसमें शहद या चीनी भी मिला सकते हैं। इस तरह से बना हुआ नारियल-सोया मिल्क शेक प्रोटीन और लो केलोरी दोनों के हिसाब से सही ड्रिंक है। यहां तक की आप इसे व्रत के अलावा अन्य दिनों में भी बना कर पी सकते हैं।


काजू को पीसकर बनाएं मिल्क शेक


ड्राई फ्रूट्स हमेशा से ही व्रत में खाए जाने वाली पहली पसंद होती है।कभी कभार आप इन्हें एक ही तरीके से खाकर उब जाते हैं। ऐसे में काजू और नारियल दोनों को पीसकर मिल्क शेक बनाया जा सकता है। इसके लिए पहले तो आप लगभग एक कटोरी काजू को कच्चे नारियल के साथ अच्छे ले पीस लें। चाहे तो आप इसके साथ मलाई मिलाकर भी पीस सकते हैं। अच्छे से पीस जाने के बाद इसमें गुनगुना दूध मिलाइए। आखिरी में ऊपर से हल्का सा केसर डाल कर सर्व करें।


हेम्प मिल्क(भांग के बीज) के साथ मिलाकर बनाएं मिल्क शेक


हेम्प मिल्क को अक्सर लोग गाय के दूध के विकल्प के रूप में भी देखते हैं। वजन घटाने के लिए तो लोग इसका भरपूर प्रयोग करते हैं। इसका व्रत में भी इस्तेमाल किया जा सकता है। खासकर अगर आप व्रत के दौरान भी अपना वजन संतुलित रखना चाहते हैं। हेम्प मिल्क में पीसे गए नारियल को मिलाकर, उसमें शहद मिला लिया जाए तो यह एक बहतरीन वेट कंट्रोल ड्रिंक के रूप में तैयार हो सकता है। इस ड्रिंक को पीकर आपका वेट भी नहीं बढ़ेगा और पीने के बाद आप भारी भारी सा महसूस भी नहीं करेंगे।


जौ के आटे से बनाएं मिल्क शेक


जौ का अक्सर लोग उपवास के वक्त प्रयोग करते हैं। ऐसे में किसी भी उपवास को शुरू करने से पहले इसे पीस कर रख लें। फिर उपवास वाले दिन एक चम्मच जौ के आटे को दूध में मिलाकर हल्का सा पका लें। कुछ देर इस दूध को ठंडा कर लें। अब ठंडे दूध में नारियल से पीस कर निकाले गए दूध को मिला लें। फिर स्वादानुसार चीनी मिला लें। चीनी की जगह खांड या गुड़ का भी प्रयोग कर सकते हैं। इस तरह से बनाए गए मिल्कशेक को पीकर आपको काफी ताकत मिलेगी। साथ ही दिन ज्यादा भूख भी नहीं लगेगी।


बादाम या मूंगफली के साथ


नारियल को पीसकर निकाले गए दूध के साथ अगर आप बादाम या मूंगफली को मिलाकर पीस लें, तो यह एक बेहतरीन मिल्कशेक के रूप में तैयार हो सकता है। फिर इसमें एक गिलास दूध मिला लें और ऊपर से केसर से सजा कर सर्व करें। यह मिल्कशेक काफी टेस्टी और हेल्दी होता है। इससे दिमागी ताकत तो बढ़ती ही है, साथ ही शरीर का मेटाबॉलिज्म भी ठीक रहता है।


Comments