दिल्ली मेट्रो: ब्लू लाइन की पटरी में क्रैक, आधे घंटे देरी से चली


दिल्ली मेट्रो की ब्लू लाइन में सुबह 9.30 बजे नोएडा इलेक्ट्रॉनिक सिटी और वैशाली से द्वारका सेक्टर 21 से बीच दिक्कत थी। करीब एक घंटे बाद इसे दुरुस्त कर लिया गया।




  • दिल्ली मेट्रो की पटरी में आज क्रैक देखा गया, जिसकी वजह से सेवा प्रभावित हुई

  • क्रैक ब्लू लाइन में इंद्रप्रस्थ स्टेशन पर देखा गया था, सर्विस में आधे घंटे की देरी

  • इसके बाद इस लाइन पर दिल्ली मेट्रो को सीमित स्पीड पर चलाया गया



 

नई दिल्ली
पटरी पर क्रैक दिखने के बाद दिल्ली मेट्रो की सर्विस शनिवार यानी आज प्रभावित हुई। इसकी वजह से ब्लू लाइन पर दिल्ली मेट्रो करीब आधे घंटे की देरी से चल रही थी। इसे पटरी की वेल्डिंग में डिफेक्ट बताया जा रहा है। इसकी वजह से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। फिलहाल मेट्रो सर्विस सामान्य है। लेकिन ट्रेन को सीमित स्पीड पर चलाया जा रहा है।


मिली जानकारी के मुताबिक, यह क्रैक इंद्रप्रस्थ स्टेशन के रेलट्रैक पर देखा गया था। दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन के प्रवक्ता अनुज दयाल ने कहा, 'ब्लू लाइन पर इंद्रप्रस्थ और प्रगति मैदान के बीच चलने वाली लाइन पर वेल्डिंग डिफेक्ट था। यह वही लाइन है जो वैशाली और नोएडा इलेक्ट्रिक सिटी को द्वारका सेक्टर 21 से जोड़ती है। इसकी जानकारी सुबह 8.30 पर मिली थी।'


डीएमआरसी की ओर से कहा गया कि इंद्रप्रस्थ से प्रगति मैदान के बीच मेट्रो सीमित गति से चलाई जा रही हैं। इसलिए गंतव्य स्थान तक पहुंचने में देर हो रही थी। मेट्रो सर्विस प्रभावित होने को लेकर सफर कर रहे लोगों ने सोशल मीडिया पर डीएमआरसी पर नाराजगी जताई। एक यूजर ने लिखा कि 'आज तो राजीव चौक पहुंचने में ही एक साल लग जाएगा।' वहीं एक अन्य यूजर ने गुस्सा जाहिर करते हुए कहा कि 'दो कौड़ी की सर्विस और तुलना अंतरराष्ट्रीय स्तर से'। खबर लिखे जाने तक डीएमआरसी की तरफ से यह स्पष्ट नहीं किया गया कि खराबी की वजह क्या थी।


Comments