कोरोना वायरस के चलते भाजपा ने सभी बैठकों को टाला, नए सीएम को लेकर मंथन जारी

भाजपा ने कोरोना वायरस के चलते दो दिनों तक सभी बैठकों को टाल दिया है। इस बीच पार्टी के कुछ वरिष्ठ नेता भोपाल से दिल्ली गए हैं, माना जा रहा है कि मध्य प्रदेश में नया सीएम कौन बनेगा इसके लिए दिल्ली में मंथन जारी है। इस बीच मध्य प्रदेश कांग्रेस ने एक ट्वीट कर कहा है कि, ‘15 अगस्त 2020 को कमल नाथ मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में ध्वजारोहण करेंगे और परेड की सलामी लेंगे। ये बेहद अल्प‍ विश्राम है।' कमल नाथ सीएम पद से इस्तीफा देने के बाद आज दिल्ली जाकर कांग्रेस के आला नेताओं से मुलाकात करेंगे। बेंगलुरु में मौजूद सभी पूर्व विधायक आज भोपाल लौट रहे हैं। 


भाजपा के नेताओं का दिल्ली में जमावड़ा


मध्य प्रदेश भाजपा के नेताओं का जमावड़ा दिल्ली में लगने लगा है। पूर्व मंत्री और विधायक पहुंचे दिल्ली, पूर्व मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया के साथ भाजपा विधायक अरविंद भदौरिया आज सुबह हुए दिल्ली के लिए रवाना। इंडिगो एयरलाइंस फ्लाइट से कुछ अन्य विधायक भी दिल्ली गए हैं। ऐसा माना जा रहा है कि अब दिल्ली में मध्य प्रदेश के मुखिया के चयन को लेकर लॉबिंग शुरू हो गई है।


कमल नाथ सरकार गिरने के बाद बेंगलुरु से वापस लौट रहे पूर्व विधायक


मध्य प्रदेश में शुक्रवार को कमल नाथ द्वारा सीएम पद से इस्तीफा दिए जाने के बाद आज बेंगलुरु में मौजूद सभी पूर्व विधायक वापस भोपाल लौट रहे हैं। सभी रमादा रिसॉर्ट से एयरपोर्ट पहुंच गए हैं, जहां से उन्हें विशेष विमान से भोपाल लाने की तैयारी है।


मध्य प्रदेश कांग्रेस का ट्वीट- ये बेहद अल्प विश्राम


मध्य प्रदेश कांग्रेस ने एक ट्वीट कर कहा है कि, 15 अगस्त 2020 को कमल नाथ मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में ध्वजारोहण करेंगे और परेड की सलामी लेंगे। ये बेहद अल्प‍ विश्राम है। ट्वीट में यह भी लिखा है कि इसे संभालकर रखें। दरअसल अब मध्य प्रदेश में 24 सीटों पर उपचुनाव होना है। ऐसे में कांग्रेस ने ट्वीट कर भाजपा को यह बताने की कोशिश की है कि ज्यादा खुशी मनाने की जरूरत नहीं है।


ज्योतिरादित्य सिंधिया पर भाजपा का फोकस


मध्य प्रदेश में भाजपा सरकार बनाने का श्रेय पूर्व केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को जाता है इसलिए पार्टी नेताओं का सारा फोकस भी सिंधिया के साथ समन्वय के फार्मुले पर केंद्रित रहा। पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की ताजपोशी पर पार्टी नेता एकमत हैं लेकिन सिंधिया के राज्यसभा सदस्य बनाए जाने के बाद जो समीकरण बनेंगे, उसे लेकर पार्टी नए विकल्प पर भी विचार कर रही है। पार्टी नेताओं के मुताबिक ऐसे हालात में सिंधिया को मोदी कैबिनेट में शामिल करना अनिवार्य होगा। तब तोमर के साथ चंबल ग्वालियर इलाके से दो केंद्रीय मंत्री हो जाएंगे। इसका हल निकालने के लिए देर रात तक दिग्गजों ने मंथन किया। यह भी माना जा रहा है कि अंतिम निर्णय में दो-एक दिन का वक्त लगे। अंतिम फैसला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सहमति से होगा।


आज भोपाल में हो सकती है भाजपा विधायक दल की बैठक


कमल नाथ के इस्तीफे के बाद नई सरकार के गठन का रास्ता तो साफ हो गया है लेकिन भाजपा सरकार के गठन को लेकर जल्दबाजी में नहीं है। मध्य प्रदेश में नेतृत्व के मुद्दे पर अब सारी कवायद दिल्ली में हो रही है। दिन में जहां केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर के निवास पर बैठकों का दौर चला, वहीं देर रात केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के यहां दिग्गज नेताओं ने मप्र की कमान सौंपने पर विचार किया। इस बैठक में केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, धर्मेंद्र प्रधान, राष्ट्रीय महासचिव अनिल जैन शामिल थे। बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को मप्र की कमान सौंपने पर चर्चा हुई। उनके साथ विकल्प के रूप में केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर के नाम पर भी विचार किया गया। आज भोपाल में भाजपा विधायक दल की बैठक हो सकती है।


 


Comments