भोपाल में मानसून मेहरबान:20 जून के आसपास मानसून सेट होगा; इस साल जून में ही करीब 15% ज्यादा बारिश होगी, अब तक सबसे ज्यादा पानी गिरा

 मध्यप्रदेश में इस बार मानसून मेहरबान रहेगा। यहां सामान्य से अधिक बारिश होने की संभावना जताई जा रही है। मौसम वैज्ञानिक वेद प्रकाश सिंह के अनुसार प्रदेश में इस बार जून में ही 15% से ज्यादा बारिश हो सकती है। इसे प्री-ऑनसेट मानसून कह सकते हैं। भोपाल में यह 20 जून के आसपास सेट हो सकता है। भोपाल में अगले 24 घंटों के दौरान 40 किमी प्रतिघंटा से भी ज्यादा रफ्तार से हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने इसका यलो अलर्ट जारी किया है।

भोपाल में 284% बारिश ज्यादा हो चुकी

भोपाल में प्री-ऑनसेट मानसून के दौरान सबसे ज्यादा बारिश हुई। भोपाल में 1 जून से 9 जून की सुबह तक 53.3 मिमी पानी गिर चुका है, जबकि इस दौरान औसत सामान्य वर्षा 13.9 मिमी बारिश होती है। यह सामान्य से 284% अधिक है। भोपाल पर बंगाल के साथ अरब सागर का सीधा असर पड़ता है, जबकि यहां बड़े तालाब के साथ ही अन्य छोटे तालाबों के कारण भी बारिश अधिक होने का कारण बनते हैं। मौसम वैज्ञानिक वेद प्रकाश सिंह के अनुसार पूरा जून इसी तरह रहेगा।

लगातार देरी से आ रहा था मानसून

मौसम विभाग के अनुसार 2008 से लेकर पिछले साल 2020 तक मानसून सिर्फ दो बार समय पर आया, जबकि शेष वर्षों में यह 20 जून के बाद ही सक्रिय हुआ। 2012, 13 और 14 में यह जुलाई में आया। 2008 और 2020 को छोड़ दिया जाए, तो सिर्फ 2010 में ही 20 जून से पहले 17 जून को मध्यप्रदेश में प्रवेश किया था। मध्यप्रदेश में यह 15 जून के माना जाता है। हालांकि मौसम विभाग के अनुसार इसमें एक सप्ताह आगे-पीछे को समय पर आना माना जाता है।

रात का पारा चढ़ सकता है

मौसम विभाग के अनुसार भोपाल में अगले 24 घंटों के दौरान तेज हवाओं के साथ गरज चमक से बौछारें पड़ने की संभावना है। इस दौरान दिन का तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और रात का पारा 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। दिन का तापमान में बढ़ोतरी नहीं होगी, लेकिन रात का पारा करीब 2 डिग्री चढ़ सकता है।

Comments