खंभे पर 10 मिनट लटका रहा बिजलीकर्मी:बुरहानपुर में कनेक्शन जोड़ते समय रिटर्न करंट आने पर झटका लगा, नीचे गिरने लगा तो पैर खंभे में फंस गया; बच गई जान

मध्य प्रदेश के बुरहानपुर में बिजली कर्मचारी खंभे पर 10 मिनट उल्टा लटका रहा। कर्मचारी कनेक्शन जोड़ रहा था, तभी रिटर्न करंट आने पर वह हादसे का शिकार हो गया। कर्मचारी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना गणपति नाका थानाक्षेत्र के आजार नगर वार्ड की है। शनिवार शाम आउटसोर्सिंग पर हेल्पर सत्यम कुमार एक उपभोक्ता का कनेक्शन जोड़ रहा था। लाइन बंद थी, लेकिन बारिश होने की वजह से रिटर्न करंट दौड़ गया। बिजलीकर्मी को तेज झटका लगा और जैसे ही वह गिरने लगा, उसका एक पैर बिजली खंभे में फंस गया। बिजली कंपनी के दफ्तर में सूचना देकर पूरे एरिया की सप्लाई बंद कराई गई। इसके बाद स्टाफ ने स्थानीय लोगों की मदद से बिजलीकर्मी को खंभे से उतारा। बिजली कंपनी ने आउटसोर्सिंग पर हेल्पर रख रखे हैं। हेल्पर बिजली कर्मचारियों के साथ काम करते हैं। अक्सर यही कर्मचारी खंभों पर चढ़कर लाइन को काटते और जोड़ते हैं।

Comments