विदिशा कुआं हादसा:बैंक ने सरकार के पीड़ितों को मुआवजा देने के चेक लौटाए, मंत्री बोले- सोमवार को चेक लग जाएंगे

मध्य प्रदेश के विदिशा के लाल पठार कुआं हादसा में पीड़िताें को सरकार की तरफ से दिए मुआवजा के चेक बैंक ने वापस लौटा दिए। इस मामले में चिकित्सा मंत्री विश्वास सारंग ने सफाई दी कि एक चेक छोटी ब्रांच में लगा दिया गया था। दूसरे चेक में नाम में कुछ गलती थी। इसलिए चेक वापस किए गए। सोमवार को दोनों चेक लग जाएंगे। सरकार की तरफ से पीड़ितों को दिए 5 लाख और 50 हजार रुपए के मुआवजा का चेक लौटा दिए गए। इसकी पीड़ितों ने जिला कलेक्टर को शिकायत की गई। जिसके अनुसार हादसे में कृष्णगोपाल की मौत होने पर उनकी मां को 16 जुलाई को चेक क्रमांक 113306 भारतीय स्टेट बैंक का दिया गया था। महिला ने चेक को क्लियर कराने के लिए भारतीय स्टेट बैंक की शाखा मंडी बामोरा में 23 जुलाई को प्रस्तुत किया था, लेकिन बैंक कर्मी ने चेक को लौटा दिया और बाद में आने के लिए कहा। वहीं, 16 जुलाई को ही मोहन योगी को दूसरा चेक क्रमांक 2537732 जारी किया गया। इस चेक में घायल मोहन योगी की सरनेम सोनी लिख दी गई। जिससे चेक को वापस लौटा दिया गया। कुछ लोगों के चेक क्लियर हो गया है और कुछ लोगों के नाम में त्रुटियां और बैंक खाते नहीं होने से चेक क्लियर नहीं हो पाया है। सरनेम गलत होने के चलते बैंक के कर्मचारी ने लौटा दिया चेक। इस मामले पर चिकित्सा शिक्षा मंत्री और विदिशा के प्रभारी मंत्री विश्वास सारंग ने बताया कि 5 लाख का चेक छोटी ब्रांच में लगाया गया था, जहां 2 लाख रुपए तक के ही चेक क्लियर होते हैं। दूसरा 50 हजार के चेक में हितग्राही के नाम में कुछ गलती के कारण वापस लौटाया गया। दोनों ही चेक सोमवार को लग जाएंगे। इसकी जानकारी संबंधित हितग्राहियों को भी दे दी गई है। बता दें विदिशा के लाल पठार में कुएं में बच्चा गिर गया था। जिसको बचाने के लिए एकत्रित लोग भी कुएं की छत के साथ नीचे गिर गए थे। इस हादसे में 11 लोगों की मौत हुई थी। सरकार ने घटना में मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख और घायलों को 50-50 हजार रुपए सहायता राशि दी है।

Comments