CM हाउस पर महिला कांग्रेस का प्रदर्शन:महंगाई और महिलाओं पर बढ़ते अत्याचार को लेकर सरकार के खिलाफ घेराव, पुलिस ने रोका तो सड़क पर लेट गईं

प्रदेश में बढ़ते महिला अत्याचार, कोविड से हुई मौतों पर परिजनों को मुआवजा देने, बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी को लेकर महिला कांग्रेस पदाधिकारी गुरुवार को CM हाउस का घेराव करने पहुंचीं। यहां पुलिस ने कांग्रेस पदाधिकारियों को रोकने की कोशिश की, तो महिलाएं सड़क पर लेट गईं। वहीं, एक महिला पदाधिकारी फांसी लगाने की बात करने लगी। पुलिस ने सभी को हिरासत में ले लिया। CM हाउस पहुंचीं महिला पदाधिकारियों ने भाजपा सरकार के खिलाफ बैनर पहना था। उन्होंने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी। सीएम हाउस की तरफ बढ़ने से पहले ही मौजूद महिला पुलिसकर्मियों ने प्रदर्शनकारी महिलाओं को रोकने का प्रयास किया। इसके बाद महिला कांग्रेस पदाधिकारी सड़क पर लेट गईं और फांसी लगाने की बात करने लगीं। इसके बाद पुलिस ने सभी को हिरासत में ले लिया। प्रतिनिधि मंडल में विदिशा महिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रियंका किरार, मैहर से प्रदेश महिला कांग्रेस महामंत्री शशि मिश्रा, प्रदेश कांग्रेस सचिव फरजाना खान, ग्वालियर जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष रुचि गुप्ता, प्रदेश महिला कांग्रेस महामंत्री भिंड से कल्पना मिश्रा और भोपाल से प्रियंका सिंह राजपूत शामिल थीं।

Comments