जानिए भोपाल में वैक्सीनेशन का पूरा हाल:22% हेल्थ लाइन और 38% फ्रंटलाइन वर्कर्स को नहीं लगा दूसरा डोज; शहर के वार्ड- 41 में फर्स्ट डोज नहीं लगाने वाले मिले सबसे ज्यादा

राजधानी भोपाल में कोरोना की तीसरी लहर की गंभीरता से लोगों को बचाने के लिए वैक्सीनेशन अभियान को तेज किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार भोपाल में 7 माह में पात्र 82% आबादी को कोरोना वैक्सीन का पहला डोज और 24% आबादी को दूसरा डोज लगा है। खास बात यह है कि 22% यानी 9933 हेल्थ केयर वर्कर्स और 19,698 फ्रंटलाइन वर्कर्स को अभी दूसरा डोज नहीं लगा है। वहीं, जिला प्रशासन के सर्वे में राजधानी के वार्ड-41 में फर्स्ट डोज नहीं लगाने वाले सबसे ज्यादा मिले हैं। अब जिला प्रशासन 25 और 26 अगस्त को वैक्सीनेशन का महाअभियान आयोजित कर रहा है। राजधानी में कोरोना की वैक्सीनेशन के लिए पात्र आबादी 19.50 लाख के आसपास है। कोरोना से बचाव के लिए देश में वैक्सीनेशन की शुरुआत 16 जनवरी से हुई थी। इसमें सबसे पहले हेल्थ केयर वर्कर्स और फ्रंट लाइन वर्कर्स को वैक्सीन लगाने से शुरुआत की गई थी। राजधानी में 46 हजार 165 हेल्थ वर्कर्स और 70 हजार 459 फ्रंट लाइन वर्कर्स रजिस्ट्रर हैं। स्वास्थ्य विभाग की 17 अगस्त की रिपोर्ट के अनुसार हेल्थ केयर वर्कर्स और फ्रंट लाइन वर्कर्स में रजिस्ट्रर 100% को पहला डोज लग चुका है, लेकिन इनमें से 22% यानी 9933 हेल्थ केयर वर्कर्स और 38 प्रतिशत यानी 19,698 फ्रंट लाइन वर्कर्स ने दूसरा डोज पेंडिंग है। वहीं, 45+ उम्र के पात्र 6 लाख 17 हजार 866 नागरिकों में से 5 लाख 70 हजार 361 को पहला डोज लगा है। यानी अभी 47 हजार 505 लोग पहला डोज लगाने वाले बाकी है। दूसरा डोज 2 लाख 87 हजार 93 लोगों ने ही लगवाया है। 18+ उम्र के 12 लाख 14 हजार 981 लोगों में पहला डोज 9 लाख 37 हजार 795 लोगों ने लगाया है। यानी अभी 2 लाख 77 हजार 186 लोगों को पहला डोज लगना बाकी है। वहीं, दूसरा डोज 1 लाख 2 हजार 474 लोगों ने ही लगवाया है। अभी तीन लाख को पहला डोज नहीं लगा जिला प्रशासन की तरफ से राजधानी में 3 लाख पहला डोज नहीं लगाने वाले लोगों का पता लगाने सर्वे कर रहा है। इसमें महिला एवं बाल विकास विभाग के करीब डेढ़ लाख से ज्यादा लोगों की पड़ताल की जा चुकी है। इसमें सबसे ज्यादा वार्ड-41 में 8916 लोग मिले है, जिन्होंने अब तक पहला डोज नहीं लगवाया हैं। इस वार्ड में ऐशबाग,सिकंदर नगर, मोरारजी नगर, सोनिया गांधी कॉलोनी और जनता क्वार्टर का इलाका आता है। वार्ड-17 की स्थिति भी खराब वार्ड-17 में 8645 लोगों ने पहला डोज नहीं लगाया है। इस वार्ड में भोपाल टॉकिज, केटेगराइज मार्केट, सिंधी कॉलोनी से लेकर छोला नाके तक फैला है। अब महाअभियान में छूटे लोगों को वैक्सीन लगाने के लिए जिला प्रशासन ने रणनीति बनाई है।

Comments