भोपाल के गैस पीड़ित पेंशनधारियों को बड़ी राहत:5 महीने की एकमुश्त पेंशन 4,474 पीड़ितों को मिलेगी

MP सरकार ने भोपाल के 4,474 गैस पीड़ित पेंशनधारियों को बड़ी राहत दी है। उन्हें एकमुश्त 5 महीने की पेंशन मिलेगी। हालांकि, 3 दिन की सरकारी छुट्‌टी होने के कारण उनके बैंक अकाउंट में राखी के बाद ही रुपए जमा हो सकेंगे। मामले में गैस पीड़ित निराश्रित पेंशनभोगी संघर्ष मोर्चा लंबे समय से आंदोलन कर रहा था। पेंशनधारी पेंशन की मांग को लेकर कफन पहनकर भी प्रदर्शन कर चुके हैं। वहीं मंत्रियों के बंगले भी घेरने वाले थे। इससे पहले उन्हें पेंशन जारी कर दी गई। भोपाल में 4474 गैस पीड़ित पेंशन की पात्रता के दायरे में आते हैं। उन्हें करीब 30 महीने से पेंशन नहीं मिली है। सरकार ने प्रतिमाह 1000 रुपए की पेंशन तय कर रखी है, लेकिन पेंशन नहीं मिलने से उनके सामने जीवन-यापन की समस्या खड़ी हो गई है। इसके चलते वे लगातार नेता-अफसरों से गुहार भी लगा रहे थे। लिहाजा, सरकार ने उनकी पुकार सुन ली और पेंशन जारी की है। जल्दी देना थी पेंशन, त्योहार के बाद ही मिलेगी संघर्ष मोर्चा के अध्यक्ष बालकृष्ण नामदेव ने बताया कि 30 महीने से पेंशनधारियों को पेंशन नहीं मिली है। इस कारण वे परेशान हैं। सरकार ने अप्रैल से अगस्त-21 तक 5 महीने की पेंशन जारी की है। कुल 5 करोड़ 40 लाख रुपए का आवंटन किया गया है। पेंशन के आदेश 18 अगस्त को निकाले गए थे। 19 अगस्त को पेंशन नहीं मिल सकी। 20, 21 और 22 अगस्त की मोहर्रम, शनिवार और रविवार होने के कारण छुट्‌टी है। रविवार के दिन ही रक्षाबंधन पर्व भी है। इस वजह से पेंशनधारियों को राखी के बाद ही पेंशन मिल सकेगी। सरकार यदि जल्दी आदेश जारी कर देती तो गैस पीड़ित पेंशनधारी अच्छे तरीके से त्योहार मना लेते। पेंशन के लिए कफन तक पहन चुकी बुजुर्ग महिलाएं पेंशन नहीं मिलने के कारण बुजुर्गों का गुजर-बसर करना मुश्किल हो गया है। उन्हें राशन भी नहीं मिल रहा है। इसके चलते वे अनोखे तरीकों से प्रदर्शन कर जिम्मेदारों को जगा रहे थे। हाल ही में कई बुजुर्ग महिलाओं ने कफन पहनकर प्रदर्शन किया था। कलेक्टोरेट में भी प्रदर्शन कर चुकी हैं। इसके बाद उन्हें पेंशन राशि जारी हुई।

Comments