सिनेमाघरों में 'फिल्मी इंटरवल' खत्म:भोपाल के 6 सिनेमाघर-मल्टीप्लेक्स में दिखी 'बेल बॉटम', लेकिन पहले शो में 20% दर्शक भी नहीं आए; ऑनलाइन बुकिंग भी नहीं हुई, 4 महीने बाद बड़े पर्दे पर नई मूवी

भोपाल के सिनेमाघरों में गुरुवार (19 अगस्त) को 'फिल्मी इंटरवल' खत्म हो गया। करीब 4 महीने के बाद बड़े पर्दे पर नई मूवी 'बेल बॉटम' दिखाई जा रही है। अल्पना, संगम, भारत, राज, ज्योति और रंगमहल सिनेमाघर में दोपहर 12 बजे पहला शो शुरू हुआ। जिनमें 20% दर्शक भी मूवी देखने नहीं पहुंचे। ऑनलाइन बुकिंग भी हुई। हालांकि, संचालकों का उम्मीद है कि आने वाले शो में अच्छी बुकिंग होगी। अक्षय कुमार स्टारर 'बेल बॉटम' के बाद अमिताभ बच्चन-इमरान हाशमी स्टारर 'चेहरे' और हालीवुड की 'फास्ट एंड फ्यूरियस-9' जैसी नई मूवी रिलीज होगी। MP के सिनेमा हॉल और मल्टीप्लेक्स को सरकार ने 15 जुलाई को ही अनलॉक कर दिया था। अप्रैल से ये लॉक हो गए थे। इन्हें खोलने के साथ सरकार ने दर्शकों की संख्या भी आधी यानी क्षमता से 50% तय की है। 15 जुलाई के बाद भोपाल के दो सिनेमाघर ही खुले थे, लेकिन उनमें पुरानी फिल्में ही लगाई जा रही हैं। नई मूवी रिलीज नहीं होने के कारण अन्य सिनेमाघर व मल्टीप्लेक्स बंद ही थे। 19 अगस्त को नई मूवी 'बेल बॉटम' रिलीज हो गई है। इसलिए 6 सिनेमाघर-मल्टीप्लेक्स में यह मूवी लगाई जा रही है। पहला शो दोपहर 12 से 3 बजे तक का है। इसके बाद तीन शो और दिखाए जाएंगे। दर्शकों की संख्या भले ही कम हो, लेकिन संचालक लगातार शो चालू रखने की बात कह रहे हैं। ऐसे रहे हाल अल्पना सिनेप्लेक्स नए कलेवर में गुरुवार से शुरू हुआ। इसमें 600 से अधिक सीटें हैं। पहले शो में संख्या 30 से भी कम रही। हालांकि, संचालक को दर्शकों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है। मैनेजर हनुमान यादव ने बताया कि करीब डेढ़ साल के बाद सिनेप्लेक्स खुला है। नई मूवी 'बेल बॉटम' लगाई गई है। पहले शो में जरूर कम दर्शक आए, लेकिन आने वाले शो में संख्या बढ़ेगी, क्योंकि दर्शकों में अच्छा उत्साह है। अगले शुक्रवार से नई मूवी भी रिलीज होगी। हर शो के बाद सीटों को सेनिटाइज कराया जाएगा। बिना मास्क के इंट्री नहीं दी जाएगी। भोपाल टॉकीज पिछले महीने ही खुल गया था, लेकिन अब तक पुरानी मूवी ही लगाई जा रही थी। गुरुवार को यहां नई मूवी 'बेल बॉटम' लगाई गई। यहां 1050 दर्शकों के बैठने की व्यवस्था है। पहले शो में 50 दर्शक भी नहीं पहुंचे। ऐसे ही हालात अन्य टॉकीजों के भी देखने को मिले। सरकार से मदद की मांग मध्यप्रदेश फिल्म एसोसिएशन के सचिव अजीजुउद‌्दीन का कहना है कि कोरोना की वजह से संचालकों की कमर टूट गई है। डेढ़ साल से सिनेमा हॉल और मल्टीप्लेक्स न के बराबर चल पाए हैं। पिछले साल अक्टूबर में अनलॉक हुए थे, लेकिन नई फिल्में नहीं आई थी। इस साल अप्रैल में सिनेमा हॉल और मल्टीप्लेक्स लॉक हो गए थे। 15 जुलाई से अनलॉक हुए हैं, लेकिन ज्यादातर सिनेमाघर व मल्टीप्लेक्स बंद रहे। अब चूंकि नई मूवी की रिलीज हो चुकी है। इसलिए फिल्म इंडस्ट्री फिर से खड़ी होगी। हालांकि, कुछ मामलों में सरकार को संचालकों को राहत देना चाहिए। सिनेमाघर में मूवी देखने की अलग ही बात दर्शक राज मालवीय ने बताया कि सिनेमाघर में मूवी देखने की बात अलग है। लंबे समय से सिनेमाघर बंद थे। इसलिए नहीं आ सके। 'बेल बॉटम' देखने के लिए पहले ही शो में आए हैं। ऑनलाइन बुकिंग नहीं पहले शो में ऑनलाइन बुकिंग नहीं हुई। लोगों ने खिड़की पर जाकर ही टिकट खरीदा। ये शर्ते रहेंगी सिंगल स्क्रीन सिनेमा हॉल, मल्टीप्लेक्स तय क्षमता से 50% दर्शकों को एंट्री दे सकेंगे। थर्मल स्क्रीनिंग, सैनिटाइजर और सोशल डिस्टेंसिंग का भी ख्याल रखना होगा।

Comments