भोपाल में चयनित शिक्षकों का आंदोलन:BJP दफ्तर का घेराव कर धरने पर बैठे; नियुक्ति की मांग को लेकर रो पड़ीं महिलाएं, बेहोश भी हो गईं, उठक-बैठक भी लगाई

चयनित शिक्षकों का भोपाल में बड़ा आंदोलन शुरू हो गया है। प्रदेशभर से आए सैकड़ों चयनित शिक्षकों ने बुधवार को BJP दफ्तर का घेराव कर दिया है और नारेबाजी कर रहे हैं। CM शिवराज सिंह चौहान से उनकी मांग है कि उन्हें जल्द नियुक्ति दी जाए, ताकि वे परिवार का भरण-पोषण कर सके। नारेबाजी के दौरान कई महिलाएं रो पड़ीं और कुछ बेहोश भी हो गईं। चयनित महिला शिक्षक 'हम होंगे कामयाब' का नारा लगा रही हैं। महिलाओं ने मुख्यमंत्री से नियुक्ति की मांग को लेकर उठक-बैठक की तो कई महिलाएं सड़क पर नतमस्तक भी हो गईं। इस दौरान कुछ महिलाएं हाथों में राखी की थालियां सजाकर पहुंची हैं। उनका कहना है कि मुख्यमंत्री को राखी बांधकर नियुक्ति पत्र तोहफा में लेकर जाऊंगी। 3 साल पहले चयन, अब तक नियुक्ति नहीं नारेबाजी के दौरान इंदौर की विनीता शर्मा की तबीयत बिगड़ गई। अन्य महिला साथियों ने विनीता को संभाला। विनीता का कहना है कि 3 साल पहले उसका संविदा शाला शिक्षक वर्ग-1 के पद पर चयन हो गया था, लेकिन स्कूल में अब तक नियुक्ति नहीं मिली है। इंदौर से आई एक अन्य चयनित शिक्षिका का कहना है कि नियुक्ति का लंबे समय से इंतजार कर रहे हैं, लेकिन सरकार सोई हुई है, हमारी मांग पूरी नहीं हो रही है। प्रदेशभर से आए चयनित शिक्षक सुबह 9 बजे से ही प्रदेशभर से चयनित शिक्षकों ने BJP दफ्तर के बाहर डेरा डाल दिया। कुल 3 हजार चयनित शिक्षकों में करीब एक हजार महिलाएं हैं। कई महिलाएं ऐसी हैं, जो अपने दूधमुंहे बच्चों को साथ लाई हैं। किसी की गोद में बच्चा बैठा है तो किसी को उसके पिता संभाल रहे हैं। हाथों में पूजा की थालियां, शिवराज के ट्वीट के फ्लैक्स-बैनर भी प्रदर्शन कर रहीं कई महिलाओं के हाथों में सजी हुई थालियां दिखीं। थालियों में राखियां भी थीं। इन महिलाओं ने कहा कि वे चाहती हैं कि सीएम शिवराज सिंह चौहान उन्हें राखी का उपहार नियुक्ति के रूप में दें। दूसरी ओर सीएम शिवराज के ट्वीट किए हुए फ्लैक्स-बैनर भी बनवाए गए हैं, जिसमें शिवराज ने नियुक्ति की बात कही है। मौके पर 80 से अधिक पुलिस जवान तैनात चयनित शिक्षकों के प्रदर्शन को देखते हुए BJP ऑफिस के आसपास का इलाका छावनी में तब्दील हो गया है। IPS स्तर के अधिकारी मोर्चा संभाले हुए हैं। वहीं 80 से अधिक पुलिस अधिकारी और जवान तैनात किए गए हैं, जो प्रदर्शनकारियों को समझा रहे हैं। चयनित शिक्षक मनोज रजौरिया ने कहा कि हम प्रदेश स्तर पर 15 से ज्यादा बार प्रदर्शन कर चुके हैं। हर बार हमें मंत्री और अधिकारियों के तरफ से आश्वासन मिलता है, लेकिन समय गुजर जाने के बाजवूद कोई कार्रवाई नहीं होती। इस बार हम बिना नियुक्ति पत्र के नहीं जाएंगे। ये है पूरा मामला प्रदेश सरकार ने सरकारी स्कूलों के लिए शिक्षक वर्ग-1 और शिक्षक वर्ग-2 के 30 हजार से ज्यादा पदों को भरने के लिए 2018 में नोटिफिकेशन जारी किया था। इसमें वर्ग-1 के 19,200 पद और वर्ग-2 के 11,300 के करीब पद थे। इसके बाद 2200 पद अलग से बाद में जोड़े गए। इन पदों के लिए पात्रता परीक्षा 2019 में आयोजित की गई। इसके रिजल्ट आने के बाद जनवरी 2020 से अप्रैल 2021 तक सभी चयनीत शिक्षकों के सत्यापन की भी प्रक्रिया पूरी कर ली गई, लेकिन अब सरकार नियुक्ति पत्र जारी नहीं किए जा रहे हैं। इसको लेकर ही चयनीत शिक्षक लगातार धरना प्रदर्शन कर रहे हैं।

Comments