BJP सांसद के महंगाई वाले बयान पर कांग्रेस का प्रदर्शन:कोलार में फूंका पुतला, नारेबाजी भी की; बोले- महंगाई ने आमजन की कमर तोड़ी, ऐसे में सांसद का बयान जख्म कुरेदने जैसा

भोपाल की BJP सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर के महंगाई वाले बयान पर बुधवार को कांग्रेसी सड़क पर उतर आए। उन्होंने कोलार के बीमाकुंज के सामने सांसद का पुतला फूंका। बोले- महंगाई ने आमजन की कमर तोड़ दी है। ऐसे में सांसद का बयान लोगों के जख्म कुरेदने जैसा है। कांग्रेसियों ने जमकर नारेबाजी भी की। साथ ही महंगाई वाले बयान पर जनता से माफी मांगने की मांग की। युवक कांग्रेस भोपाल ग्रामीण के जिलाध्यक्ष रोहित राजोरिया के नेतृत्व में यह प्रदर्शन किया गया। पुतला दहन करने की सूचना मिलते ही कोलार थाने से पुलिसकर्मी मौके पर पहुंची। इस दौरान कांग्रेसियों और पुलिस के बीच पुतले की छिना-झपटी भी हुई। बावजूद कांग्रेसी पुतला फूंकने में सफल रहे। इस दौरान पंकज शर्मा, राहुल ववेले, सनी पांडे, अजय बैरागी, ओम सेन, लकी तोमर आदि कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद थे। ये कहा था सांसद ने BJP सांसद प्रज्ञा ठाकुर ने मंगलवार को बाग सेवनिया स्थित BCLL डिपो में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कांग्रेसियों को निशाने पर लिया था। उन्होंने पेट्रोल-डीजल की कीमतें बढ़ने की वजह कांग्रेस का प्रोपेगेंडा बताया था। कहा था कि पेट्रोल-डीजल कोई महंगा नहीं है। ये सब कांग्रेसियों का फोकट का प्रोपेगेंडा है। इस बयान के विरोध में ही कांग्रेस ने बुधवार को प्रदर्शन किया।

Comments