केंद्रीय मंत्री डा. वीरेंद्र की जनआशीर्वाद यात्रा भोपाल में शुरू:महंगाई पर बोले- यह वैश्विक समस्या है, हल निकालने का प्रयास कर रही है सरकार; पहली बार सांसद प्रज्ञा ठाकुर पार्टी के बड़े आयोजन में सक्रिय

केंद्रीय सामाजिक न्याय मंत्री डा. वीरेंद्र खटीक की जन आशीर्वाद यात्रा भोपाल में शुरू हो गई है। खटीक ने बैरागढ़ में संत हिरदाराम जी की कुटिया पर पहुंच कर दर्शन किए। इस यात्रा में चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग और विधायक रामेश्वर शर्मा भी शामिल हुए। खास बात यह है कि भोपाल सांसद प्रज्ञा ठाकुर पहली बार पार्टी के बड़े आयोजन में शामिल हुईं। वे सुबह ही डा. खटीक से मुलाकात करने वीआईपी रेस्ट हाउस पहुंच गई थीं। वे डा. खटीक की प्रेस कॉन्फ्रेंस में भी शामिल हुईं। यात्रा शुरू करने से पहले केंद्रीय मंत्री ने देश में बढ़ती महंगाई के सवाल पर कहा कि यह वैश्विक समस्या हे। सरकार इसका हल निकालने का प्रयास कर रही है। यही वजह है कि केंद्र ने कई सेक्टर में आयात व निर्यात पर अस्थाई रोक लगाई है। उन्होंने कहा कि मराठा आरक्षण को लेकर महाराष्ट्र सरकार के फैसले को सुप्रीम कोर्ट ने रद्द किया। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की याचिका को भी सुप्रीम कोर्ट ने खारिज किया। ओबीसी आरक्षण के लिए राज्यों को शक्ति बहाल करने की तैयारी विधेयक के जरिए की गई। कांग्रेस पर साधा निशाना केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने मंडल कमीशन की सिफारिशों को कभी लागू नहीं करने दिया। ओबीसी आयोग को संवैधानिक दर्जा देने का काम कांग्रेस ने नहीं भाजपा ने किया है। उन्होंने कहा कि विपक्ष अपने दायित्वों से हटकर केवल शोर शराबे को अपनी जिम्मेदारी मान बैठा है। लोकसभा के मानसून सत्र में विपक्ष ने गैर जिम्मेदाराना आचरण करते हुए एक भी दिन सदन नहीं चलने दिया। उन्होंने कहा कि नए मंत्रियों को दायित्व मिलने के बाद प्रधानमंत्री लोकसभा और राज्यसभा में उनका परिचय कराते हैं, विपक्ष ने इस परंपरा को भी रोका। जब संसद में मंत्रियों से परिचय का काम नहीं करने दिया गया तो इन मंत्रियों को जनता के बीच भेजने का फैसला लिया गया। सभी नए मंत्री अपने-अपने राज्यों में जन आशीर्वाद यात्रा के जरिए लोगों के बीच में जाकर लोकसभा विधानसभा को ना चलने देने की हकीकत बता रहे हैं। कर्प्यू वाली माता के दर्शन करेंगे डा. खटीक केंद्रीय मंत्री डा. खटीक 1.45 बजे कर्फ्यू वाली माता के दर्शन करेंगे। दोपहर 3 बजे काली घाट पर मां काली दर्शन के पश्चात पं. अटलबिहारी वाजपेयी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। यात्रा शाम 5 बजे मनीषा मार्केट, 1100 र्क्वाटर, बांसखेड़ी, अरेरा पेट्रोल पंप, बिट्टन नगर, आरबीआई कालोनी, सुभाष स्कूल चौराहा होते हुए शाम 6 बजे भाजपा प्रदेश कार्यालय में समाप्त होगी।

Comments