आज टकराएगा साइक्लोन गुलाब:ओडिशा से 1600 लोगों को सुरक्षित जगह पहुंचाया गया, आंध्र में भी बचाव कार्य जारी, पाकिस्तान ने दिया तूफान को नाम

ओडिशा और आंध्र प्रदेश के तट पर आज शाम गुलना चक्रवात टकराएगा। मौसम विभाग ने आंध्र प्रदेश के उत्तरी इलाकों और ओडिशा के दक्षिणी इलाकों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग की चेतावनी के बाद दोनों ही राज्यों में राहत और बचाव कार्य शुरू हो गया है। ओडिशा में NDRF के 24, ओडिशा डिसास्टर रैपिड एक्शन फोर्स के 42 दल तैनात किए गए हैं। खबरों के मुताबिक, अब तक 1600 लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया है। 6 राज्यों में भारी बारिश की संभावना रविवार की शाम यह तूफान उत्तरी आंध्र प्रदेश (विशाखापट्‌टनम) व दक्षिणी ओडिशा (गोपालपुर) के बीच कलिंगपट्‌टनम के पास तट से टकराएगा। इस दौरान हवाओं की गति 75 किमी प्रति घंटे ये लेकर 85 किमी प्रति घंटे के बीच होगी। तूफान में तेजी आने पर हवाएं 95 किमी प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ सकती हैं। यह तूफान लगातार पश्चिमी दिशा में बढ़ते हुए दक्षिणी छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, गोवा और गुजरात तक जाएगा। इस दौरान रविवार से मंगलवार सुबह तक इन सभी इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। पाकिस्तान ने तूफान को दिया नाम मौसम विभाग के मुताबिक, इस तूफान को गुलाब नाम पाकिस्तान ने दिया है। इसे बोलने का सही तरीका गुल-आब बताया है। यह नाम उस सूची में से लिया गया है जो विश्व मौसम संस्थान/एशिया-पैसिफिक के लिए संयुक्त राष्ट्र के आर्थिक व सामाजिक कमीशन और चक्रवाती तूफानों पर बने पैनल ने बनाई है। इस पैनल में भारत, बांग्लादेश, म्यांमार, पाकिस्तान, श्रीलंका समेत 13 देश हैं जो इस क्षेत्र में आने वाले तूफानों के नाम चुनते हैं।

Comments