भोपाल के केरवा डैम के 2 गेट खुले:दोपहर 12.50 बजे गेट नंबर-5 और 1 बजे 2 नंबर का गेट खुला; शाम तक आठ में से पांच गेट खुलने की उम्मीद

भोपाल के केरवा डैम से पानी छलक उठा है। फुल टैंक लेवल 1673 फीट आने के बाद दोपहर 12.50 बजे गेट नंबर-5 और दोपहर 1 बजे 2 नंबर का गेट खुल गया। शाम तक आठ में से पांच गेट खुलने की उम्मीद है। भोपाल का यह पहला डैम है, जिसके इस मानसूनी सीजन में गेट खुले हों। हालांकि, फुल टैंक लेवल तक पानी सुबह 8 बजे ही आ गया था, लेकिन गेट के ऊपर से पानी नहीं गुजरा था। इसलिए गेट नहीं खुल पाए थे। इधर, बड़ा तालाब, कोलार और कलियासोत डैम में भी पानी की खासी आमद हुई है। कोलार डैम में 24 घंटे के भीतर डेढ़ फीट पानी बढ़ गया। वहीं कलियासोत डैम का लेवल भी बढ़ा है। केरवा डैम में सुबह 8 बजे लेवल बराबर हो गया था। यानी डैम में क्षमता के अनुसार पानी जमा हो गया था। इसके बाद भी पानी की आमद होती गई। दोपहर 12 बजे के बाद डैम के आठों गेट के ऊपर से पानी छलकने लगा। 50 मिनट के बाद दोपहर 12.50 बजे एक गेट ऑटोमैटिक खुल गया। इसके 10 मिनट के बाद ही दूसरा गेट भी खुला। केरवा डैम प्रभारी अशोक सक्सेना ने बताया कि डैम में फुल टैंक लेवल तक पानी जमा हो चुका है। इसके बाद दोपहर 1 बजे तक दो गेट खुल चुके हैं। पानी की आमद होने के बाद अन्य गेट भी खुल जाएंगे। डैम में 8 गेट है, जो ऑटोमैटिक तरीके से खुलते और बंद होते हैं। जल संसाधन विभाग का अमला इस पर ध्यान रखता है। कोलार डैम का लेवल भी बढ़ा पिछले कुछ दिन से जारी बारिश के बाद अन्य जलस्रोतों का लेवल भी बढ़ गया है। बड़ा तालाब में लगभग आधा फीट पानी की बढ़ोतरी हुई है। कोलार डैम की कुल जलभराव क्षमता 1516 फीट है और इसमें अब तक 1501.14 फीट पानी जमा हो चुका है। कलियासोत डैम की जलभराव क्षमता 1659 फीट है और अब तक 1649.32 फीट जमा हो चुका है। कलियासोत डैम के 13 गेट है।

Comments