सैलरी काटने पर सुपरवाइजर की हत्या:27 की जगह 15 हजार मिलने पर गनमैन ने सीने में दागी 2 गोली; बोला- तूने ही कटवाई है सैलरी

भोपाल के एमपी नगर थाना क्षेत्र में यूनियन बैंक के पास निर्माण सदन में तैनात सिक्योरिटी गार्ड (गन मैन) ने अपने ही सुपर वाइजर को गोली मार दी। घायल सुपर वाइजर की इलाज के दौरान मौत हो गई। गार्ड ने अपनी लाइसेंसी बंदूक से सुपर वाइजर के सीने में दो गोलियां मारी हैं। घटना सीसीटीवी में कैद हो गई। अरेरा हिल्स स्थित निर्माण सदन पीडबल्यूडी के अधीन है। कैंपस में ही यह गोलीकांड हुआ है। प्रारंभिक जानकारी मिली है कि ड्यूटी को लेकर दोनों में अनबन थी। पिछले महीने तक सैलरी 27 हजार रुपए के आसपास मिलती थी। इस बार उसके खाते में 15 हजार रुपए ही आए। इससे वह नाराज था। उसे शक था कि सैलरी सुपर वाइजर ने ही कटवाई है। वह यह भी कहता था कि इसी सुपरवाइजर के कारण मुझे ओवरटाइम भी करने को नहीं मिलता था। मर्डर से पहले भी गन मैन ने गुस्से में यही बातें दोहराईं। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि ड्यूटी को लेकर हुए विवाद में गार्ड ने गोली मारी है। सुपरवाइजर ने गार्ड को अच्छे से ड्यूटी करने के लिए नसीहत दे रहा था। इसके बाद विवाद बढ़ा और उसने गोली चला दी। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। जानकारी के अनुसार 50 वर्षीय राजकुमार ठाकुर सर्वोदय सिक्योरिटी एजेंसी में सुपर वाइजर के पद पर थे। उनकी ड्यूटी निर्माण सदन में थी। उनके साथ महेंद्र कुमार तिवारी सिक्योरिटी गार्ड पदस्थ था। महेंद्र कुमार तिवारी मिलिट्री से सेवानिवृत्त है। गुरुवार सुबह 9.20 बजे सुपर वाइजर निर्माण सदन पहुंचा। इसी बीच ड्यूटी को लेकर दोनों में कहासुनी हो गई। गुस्से में महेंद्र तिवारी ने राजकुमार ठाकुर को दो गोली मार दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने राजकुमार ठाकुर को तुरंत जयप्रकाश अस्पताल में भर्ती किया। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। फिलहाल पुलिस घटना के कारण को लेकर जांच कर रही है। गोली चलते पहुंचा, खून से लथपथ पड़ा थ निर्माण सदन के गार्ड अरुण कुमार ने बताया कि घटना के वक्त मैं दफ्तर के अंदर था। करीब 09:39 बजे अचानक गोली की आवाज सुनाई दी। मौके पर आकर देखा तो सुपर वाइजर खून से लथपथ जमीन पर पड़ा था, जबकि गार्ड तिवारी मौके से भागने की तैयारी में था। मैं घबरा गया। इसके थोड़ी देर बाद पुलिस पहुंच गई। मामूली विवाद में मारी गोली एएसपी जोन-2 राजेश सिंह भदौरिया ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह पता चला कि दोनों के बीच पुराना कोई विवाद नहीं था। गुरुवार को दोनों के बीच ड्यूटी को लेकर विवाद हुआ। इसके बाद गार्ड ने आरोपी को गोली मार दी। उसे गंभीर हालत में जेपी अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। विवाद की अन्य वजह को लेकर भी जांच की जा रही है।

Comments