भोपाल में 4 सितंबर को अनोखा प्रदर्शन:दानिश नगर में गड्‌ढों में रैम्प वॉक करेंगी महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग भी साथ होंगे; बोले- सरकार और नगर निगम की बेरूखी के चलते आंदोलन पर मजबूर

राजधानी की खूबसूरती में दाग लगाने वाली जर्जर सड़कों को लेकर हर कोई परेशान हैं और विरोध भी जता रहा है, लेकिन शनिवार को भोपाल में सड़क को लेकर अनोखा प्रदर्शन होगा। दानिश नगर कॉलोनी की महिलाएं गड्‌ढों में गायब हो चुकी सड़कों पर रैम्प वॉक करेगी। साथ में बच्चे और बुजुर्ग भी होंगे। महिलाओं का कहना है कि सालों से जर्जर सड़क की समस्या है। कई बार जिम्मेदारों को शिकायत की जा चुकी है, पर कोई असर नहीं हुआ। सरकार और नगर निगम की बेरूखी के चलते ही अब आंदोलन करने को मजबूर हो गए हैं। होशंगाबाद रोड स्थित दानिश नगर कॉलोनी में 450 से ज्यादा घर है। वहीं सैकड़ों प्लाट भी है। बावजूद यहां की सड़कें जर्जर है। बारिश के दौरान तो पैदल गुजरना तक मुश्किल हो गया है। कई बार रहवासी गड्‌ढों का शिकार बनकर चोटिल भी हो जाते हैं। इसके चलते अब लोगों का गुस्सा फूट रहा है और शनिवार को कॉलोनी में बड़ा प्रदर्शन करने का प्लान है। निगम टैक्स वसूल रहा, पर सुविधाएं नहीं दे रहा दानिश नगर रहवासी संघर्ष समिति की अंशु गुप्ता ने बताया कि कॉलोनी में सड़क के अलावा पानी, बिजली, नाली आदि की समस्या भी है। सुविधाएं देने के लिए नगर निगम से सालों से मांग कर रहे हैं। हर बार नगर निगम के अफसर कॉलोनी हैंडओवर न किए जाने की बात कहकर पल्ला झाड़ लेते हैं, जबकि प्रापर्टी समेत अन्य टैक्स निगम द्वारा ही वसूले जाते हैं। इसलिए सुविधाएं भी निगम को ही देना चाहिए। CM हेप्लाइन पर भी नहीं मिली 'हेल्प' संघर्ष समिति की अंशु गुप्ता का कहना है कि जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को कई बार मौखिक व लिखित दोनों ही तरह से शिकायत की गई, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद CM हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई तो वहां से भी कोई 'हेल्प' नहीं मिली। शिकायत करने के बाद मोबाइल पर मैसेज आया कि समस्या का निराकरण कर दिया गया है, जबकि हकीकत में एक गड्‌ढा भी नहीं भरा गया। 1 घंटे तक होगा रैम्प वॉक करीब 1 घंटे तक रैम्प वॉक करके प्रदर्शन किया जाएगा। दानिश शॉपिंग कॉम्पलेक्स में D1 से D3 को जोड़ने वाली सड़क पर यह प्रदर्शन होगा।

Comments