छतरपुर में महिला का शव फंदे से लटका मिला:4 साल का बेटा बोला- पापा ने मम्मी को लाठी से पीटा था, भाई ने कहा- बहन ने सुसाइड नहीं किया, उसकी हत्या हुई

जुझारनगर के पुरवा गांव में 27 साल की महिला का शव घर पर ही फंदे से लटका मिला। मृतका के 4 साल के बेटे ने चौंकाने वाला बयान दिया है। उसका कहना है कि पापा ने ही मम्मी को लाठी से पीटा है। वहीं, मृतका के भाई ने कहा- ससुराल वाले आए दिन मेरी बहन के साथ मारपीट करते थे। उसने आत्महत्या नहीं की है, उसकी हत्या की है। शव की जानकारी लगते ही जुझारनगर पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच प्रारंभ कर दी है। छतरपुर जिले के ब्यास पुरवा गांव निवासी रणविजय उर्फ गुठ्ठू पाल की पत्नी का शव उसी के घर के टोल से फांसी पर लटका मिला। मृतक के ससुराल पक्ष के लोग इसे आत्महत्या कह रहे हैं, जबकि मृतक के मायके पक्ष के लोग हत्या कह रहे हैं। पटना गांव निवासी गजराज पाल की पुत्री गोल्डी की शादी 7 साल पहले ब्यास के पुरवा निवासी शिवरतन पाल के पुत्र रणविजय पाल के साथ हुई थी। वहीं घटना के बारे में मृतक का बेटे ने कहा- पापा ने मम्मी को लाठी से मारा है। गांव के लोग बोले-पति-पत्नी में हुआ था विवाद लोगों ने बताया कि कल गांव में कन्या खिलाने का कार्यक्रम चल रहा था, तभी गोल्डी और पति रणविजय का विवाद हो गया था। जहां रणविजय पत्नी को मारते-मारते अपने घर ले गया। इतनी रात में घर पर रणविजय और गोल्डी के साथ उनका 4 वर्षीय पुत्र विजयमान भी साथ में था। उसने बताया कि मम्मी को पापा ने मारा है। पापा ने बकरी बेच दी थी, इसलिए मम्मी पापा को कह रही थी, जिससे पापा ने मम्मी को लाठी से मारा है। मृतका के भाई बबलू ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाते हुए बताया कि जब बहन की शादी हुई तभी से उसके साथ मारपीट होती थी। हम लोगों ने कई बार जुझारनगर थाने में शिकायत भी की है, लेकिन बहन की जिंदगी को सोचकर राजीनामा ले लेते थे। इस बार इन लोगों ने बहन गोल्डी को मारकर फांसी पर लटका दिया है। इस बड़ी बात यह है कि घटना के समय के बाद से ही मृतका का पति और परिवार घर से भाग गए थे। जब सुबह पुलिस आई, तब भी वो लोग नहीं आए थे। पुलिस ने मामले की जांच FSL टीम से भी कराई है।

Comments