आज महाकाल की 7वीं शाही सवारी:भक्तों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा, दोपहर 1 बजे बंद होंगे रास्ते

आज सोमवार को महाकाल की शाही सवारी निकाली जाएगी। इसे लेकर मंदिर समिति और पुजारियों की टीम सुबह से तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटी हुई है। सवारी निर्धारित समय शाम 4 बजे निकलेगी। शाही सवारी के मौके पर पारंपरिक उद्घोषक, तोपची, सलामी गार्ड, घुड़सवार दल, संगीतमय धुन के साथ पुलिस बैंड, पुराने युग का आभास कराती नगाड़ों की थाप, गूंजती शहनाई, पुजारी, पुरोहित और अधिकारी आदि सवारी के साथ चलेंगे। सवारी में भक्तों के शामिल होने की अनुमति नहीं है। शाही सवारी के मौके पर केंद्रीय नागरिक उड्‌डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया भी यहां पहुंचेंगे। वे दोपहर 3.25 बजे इंदौर एयरपोर्ट से उज्जैन के लिए रवाना होंगे। शाम 4.30 बजे रामघाट पर सवारी का पूजन करेंगे। वे करीब आधे घंटे यहीं रुकने के बाद शाम 5 बजे इंदौर के लिए निकल जाएंगे। भगवान श्री महाकालेश्वर की सवारियों के क्रम में सातवीं सवारी (शाही सवारी) सोमवार को निकलने वाली सवारी में भगवान श्री चन्द्रमौलीश्वर चांदी की पालकी में विराजित होकर संपूर्ण राजसी ठाट-बाट के साथ नगर भ्रमण पर निकलेंगे। मंदिर परिसर को भी फूलों के बंदनवार, तोरण से सजाया जा रहा है। बाबा श्री महाकालेश्वर के नगर भ्रमण के दौरान संपूर्ण सवारी मार्ग में फूलों व रंगों से रंगोलियां, जगह-जगह पर आतिशबाजी, रंगबिरंगे ध्वज, छत्रियां आदि से सजाया जा रहा है। धारा 144 लागू, रास्ते दोपहर 1 बजे से बंद होंगे महाकाल की शाही सवारी के दौरान दोपहर 1 बजे से ही मंदिर की ओर आने वाले सभी रास्तों को बंद कर दिया जाएगा। वहीं शाम 7 बजे के बाद महाकाल के दर्शन हो सकेंगे। क्षेत्र में धारा 144 लगा दी गई है।

Comments