बिजली गिरने से 7 मजदूर घायल:हल्की बारिश होने पर पेड़ के नीचे खड़े थे 16 मजदूर, तभी गिरी बिजली, 7 आए चपेट में

अशोकनगर के मल्हारगढ़ गांव में शनिवार की दोपहर करीब 1 बजे सोयाबीन की फसल की कटाई कर रहे मजदूरों पर आकाशीय बिजली गिर गई, जिससे 7 मजदूर घायल हो गए। सभी घायलों को मुंगावली सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। जहां से तीन मजदूरों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रैफर कर दिया। मुंगावली से 20 किलोमीटर दूर स्थित मुडरा मल्हारगढ़ मार्ग पर दोपहर के समय खेत में 16 मजदूर सोयाबीन की कटाई कर रहे थे। उसी समय हल्की बारिश होने लगी। तब सभी मजदूर खेत में खड़े एक बबूल के पेड़ के नीचे जा खड़े हुए। तभी आकाशीय बिजली गिरने से पेड़ के नीचे खड़े 16 मजदूरों में से 7 मजदूर घायल हो गए। ग्रामीणों एवं अन्य मजदूरों की मदद से सभी घायलों को मुंगावली सिविल अस्पताल में भेजा गया। जहां पर सभी घायलों को उपचार किया। गुड्डी बाई, अरविंद पाल एवं अरुण पाल की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रैफर कर दिया। बाकी चार घायल घसीटी बाई, विजयपाल, रैना एवं नेतराम का उपचार मुंगावली सिविल अस्पताल में ही चल रहा है। जिस समय सभी घायलों को मुंगावली सिविल अस्पताल लेकर आए उसके कुछ समय बाद राज्यमंत्री बृजेंद्र सिंह यादव मुंगावली सिविल अस्पताल पहुंचे और वहां पर सभी मरीजों का हाल जाना। गंभीर हालत के तीन मरीजों को जिला अस्पताल के लिए रैफर करवाया।

Comments