कॉलोनी हैंडओवर नहीं तो 'नो वोट-नो टैक्स' मुहिम शुरू की:बर्तन, झांझ-मंजीरे और ढोलक बजाते हुए महिलाएं पहुंची गणपति के द्वार, मांग पत्र अर्पित किया

राजधानी की पॉश कॉलोनी दानिश नगर की महिलाओं ने बुधवार से 'नो वोट-नो टैक्स' मुहिम की शुरुआत की। शाम को वे बर्तन, झांझ-मंजीरे और ढोलक बजाते हुए गणपति के द्वार पहुंची और मांग पत्र अर्पित किया। महिलाओं ने कॉलोनी को नगर निगम के हैंडओवर करने और मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने तक आंदोलन को जारी रखने की बात कही है। इससे पहले वे सड़क के गड्‌ढों में 'रैम्प वॉक' भी कर चुकी है। दानिश नगर कॉलोनी करीब 30 साल पहले बसाई गई थी, जिसे नगर निगम के हैंडओवर नहीं किया गया है। कॉलोनी के लोगों का कहना है कि कॉलोनाइजर को प्रति माह 1100 रुपये देने के बावजूद मूलभूत सुविधाओं से मोहताज है। सड़कों की स्थिति जर्जर है तो पानी, स्ट्रीट लाइट, सीवेज, पार्क आदि सुविधाएं भी नहीं मिल पा रही हैं। नगर निगम कॉलोनी के हैंडओवर न होने की बात कहकर सुविधाएं देने से पल्ला झाड़ लेता है, जबकि प्रापर्टी समेत अन्य टैक्स नियमित रूप से वसूले जा रहे हैं। इसलिए जब तक कॉलोनी को निगम हैंडओवर नहीं कर लेता और सुविधाएं नहीं दे देता, तब तक कोई भी टैक्स नहीं चुकाएंगे। 4 सितंबर को गड्‌ढों में 'रैम्प वॉक' किया सड़कों की जर्जर हालत को लेकर 4 सितंबर को महिलाओं ने गड्‌ढों में रैम्प वॉक किया था और अनोखे प्रदर्शन के जरिए जिम्मेदारों का ध्यान आकर्षित कराया था। इसके दो दिन बाद ही नगर निगम ने गड्‌ढों में मुरम-मिट्‌टी डलवा दी, लेकिन इससे परेशानी और बढ़ गई है। गड्‌ढों और कीचड़ के कारण पैदल चलना तक मुश्किल हो गया है। महिलाओं का कहना है कि उन्हें स्थायी हल चाहिए, न कि लीलापोती वाला काम। इसलिए बुधवार से आंदोलन का शंखनाद किया गया। गणेशजी से प्रार्थना- जिम्मेदारों को सद्बुद्धि दें भगवान बुधवार शाम 4 बजे महिलाएं कॉलोनी में एक जगह पर एकत्रित हुई और थाली, चम्मच, झांझ-मंजीरे, ढोलक आदि बजाते हुए कॉलोनी स्थित मंदिर पहुंची। यहां पर गणेश मूर्ति विराजित की गई है। महिलाओं और बच्चों ने गणेशजी को मांग पत्र अर्पण करते हुए प्रार्थना की कि जिम्मेदारों को सद्बुद्धि दें। कॉलोनी के लोगों की सड़क, पानी, बिजली, सीवेज से जुड़ी समस्याएं दूर करें। गहरी नींद में सोएं जिम्मेदारों को जगाए। इस दौरान भजन-कीर्तन भी किए गए। वहीं शंख भी बजाया। महिलाएं जर्जर सड़कों से ऊपर से गुजरकर मंदिर पहुंची। इस दौरान बच्चे और बुजुर्ग भी मौजूद थे। महिलाएं बोलीं- नहीं चुकाएंगे कोई टैक्स दानिश नगर रहवासी संघर्ष समिति की अंशु गुप्ता ने बताया कि कॉलोनी में सड़क के अलावा पानी, बिजली, नाली आदि की समस्या भी है। सुविधाएं देने के लिए नगर निगम से सालों से मांग कर रहे हैं। हर बार नगर निगम के अफसर कॉलोनी हैंडओवर न किए जाने की बात कहकर पल्ला झाड़ लेते हैं, जबकि प्रापर्टी समेत अन्य टैक्स निगम द्वारा ही वसूले जाते हैं। दूसरी ओर कॉलोनाइजर भी कोई सुविधा नहीं दे रहा। इसलिए अब आंदोलन का शंखनाद किया है। बर्तन, झांझ-मंजीरे और ढोलक बजाकर शासन-प्रशासन को चेताया है। प्रापर्टी या कोई टैक्स भी नहीं चुकाएंगे।

Comments