इंदौर एयरपोर्ट पर महिला यात्री के बैग में मिली मानव खोपड़ी

इंदौर: देवी अहिल्याबाई होलकर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से सोमवार सुबह दिल्ली जाने के लिए आई एक महिला यात्री के सामान से मानव खोपड़ी निकलने से हड़कंप मच गया। महिला का कहना था कि वह उसे विर्सजन के लिए हरिद्वार ले जा रही है, लेकिन नियमानुसार उसे अनुमति नहीं दी गई। बाद में महिला ने अपने परिचित को बुला कर मानव खोपड़ी सौंप दी और शाम की उड़ान से रवाना हुई। प्रबंधन के अनुसार महिला यात्री का नाम योगमाता सचदेवा है। वह विस्तारा की उड़ान से दिल्ली जाने के लिए आई थी। उसके मेन लगेज की स्कैनिंग के दौरान यह मानव खोपड़ी मिली। जिसके बाद एयरलाइंस ने सीआइएसएफ को सूचना दी। पूछने पर महिला संतोषजनक जवाब नहीं दे पाई। बाद में एरोड्रम थाना पुलिस को भी सूचना दी गई। महिला का कहना था कि वह विसर्जन के लिए इसे ले जा रही है। एयरलाइंस ने इसे साथ में ले जाने देने की अनुमति नहीं दी। जिसके बाद महिला ने अपने परिचित को एयरपोर्ट बुलाया और उसे यह खोपड़ी सौंप दी। इधर इस पूरे घटनाक्रम में महिला की उड़ान छूट गई। बाद में एयरलाइंस ने उसे शाम की उड़ान में जगह दी। जिससे महिला दिल्ली के लिए रवाना हुई। प्रबंधन के अनुसार डीजीसीए के नियमों के अनुसार यात्री इस तरह से अस्थियां लेकर यात्रा नहीं कर सकते है। उन्हें इसके लिए पूर्व अनुमति लेना होती है। जिसे भी वे लोग हैंड बैग में ले जा सकते है जबकि महिला इसे मुख्य लगेज में ले जा रही थी। जिसके कारण उसे रोका गया।

Comments