CM हाउस के पास एक्सीडेंट:भोपाल में कार ने ऑटो को टक्कर मारी; 4 साल के मासूम की मौत, दो महिलाओं समेत तीन गंभीर घायल

भोपाल के श्यामला हिल्स इलाके में मुख्यमंत्री निवास के पास तेज रफ्तार कार ने एक ऑटो को टक्कर मार दी। हादसे में 4 साल के मासूम समेत 4 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इसमें दो महिलाएं भी थीं। सभी को अलग-अलग अस्पताल ले जाया गया, जहां मासूम को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने अस्पताल की सूचना पर कार चालक पर लापरवाही से कार चलाने समेत अन्य धाराओं में FIR कर ली। श्यामला हिल्स पुलिस के अनुसार घटना सोमवार दोपहर करीब 2 बजे की है। सीएम हाउस के पास भारत भवन के गेट के पास बोट क्लब से कमला पार्क की तरफ जा रहे ऑटो को एक कार ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो के साथ ही कार भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में घायलों को तत्काल एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की सूचना मिलने पर श्यामला हिल्स पुलिस भी हमीदिया अस्पताल पहुंच गई। यहां पर डॉक्टरों ने बताया कि बच्चे के साथ दो महिलाएं और एक पुरुष को घायल अवस्था में लाया गया था। इलाज के दौरान बच्चे की मौत हो गई। उसे सिर, सीने और पेट में भी गंभीर चोटें थीं। घायलों को उनके परिजन हमीदिया अस्पाल से प्राइवेट अस्पताल ले गए। मृतक की शिनाख्त चार साल के अक्षत चौहान के रूप में हुई। वह कबीटपुरा शाहजहांनाबाद का रहने वाला बताया जाता है। घायल अलग-अलग प्राइवेट अस्पताल में भर्ती टीआई श्यामला हिल्स एलडी मिश्रा ने बताया कि घायलों को परिजन निजी अस्पताल ले गए हैं। सभी घायल अलग-अलग अस्पताल में हैं। अभी उनसे बात नहीं हो पाई है। हादसे के दौरान अक्षत के साथ उसकी मां आंजना चौहान है। ड्राइवर का नाम इबाल बताया जाता है। बच्चे के शव का पंचनामा कार्रवाई की जा रही है। घायलों के बयान होने के बाद ही हादसे के बारे में पता चल सकेगा। अक्षत को बुखार था टीआई मिश्रा ने बताया कि अक्षत को हल्का फीवर था। इस कारण मां और दादी उसे दिखाने अस्पताल आए थे। यहां से सभी लोग ऑटो से बोट क्लब घूमने आ गए थे। वहां से लौटते वक्त हादसे के शिकार हो गए। मां और दादी को तो यह भी नहीं पता कि अक्षत की मौत हो गई। हादसे के बाद अक्षत के चाचा अस्पताल आए थे। उन्होंने ही डॉक्टरों को यह जानकारी दी थी। अधिकारियों तक को जानकारी नहीं घटना के घंटों बाद भी अधिकारियों को इस मामले में ज्यादा जानकारी नहीं है। जानकारी के नाम पर सिर्फ एक्सीडेंट हुआ है। और एक की मौत है। पुलिस थाने वालों का कहना था कि अधिकारी मौके पर गए हैं। अभी कोई एफआईआर नहीं हुई है।

Comments