IPL 2021 : सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन हुए चोटिल, मुंबई इंडियंस ने इस तेज गेंदबाज को अपनी टीम से जोड़ा

भारत के महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर चोटिल हो गए हैं और मौजूदा चैंपियन मुंबई इंडियंस ने अब उनकी जगह तेज गेंदबाज सिमरजीत सिंह को आईपीएल 2021 के दूसरे फेज के बाकी बचे मैचों के लिए अपनी टीम के साथ जोड़ा है। फ्रेंचाइजी ने बुधवार को इसकी जानकारी दी। अर्जुन अबतक आईपीएल में अपना डेब्यू नहीं कर पाए हैं, लेकिन मुंबई इंडियंस के साथ जुड़े हुए थे। अर्जुन को अब आईपीएल में डेब्यू करने के और इंतजार करना पड़ेगा। सचिन तेंदुलकर भी बतौर मेंटॉर मुंबई इंडियंस से जुड़े हुए हैं। मुंबई इंडियंस ने एक बयान में कहा, 'मुंबई इंडियंस ने अपने आईपीएल 2021 सीज़न के शेष बचे मैचों के लिए चोटिल अर्जुन तेंदुलकर की जगह सिमरजीत सिंह को टीम में शामिल किया है। दाएं हाथ के मध्यम तेज गेंदबाज ने आईपीएल दिशानिर्देशों के अनुसार अनिवार्य क्वारंटाइन पूरा कर लिया है और उन्होंने टीम के साथ ट्रेनिंग शुरू कर दी है।' महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन को मुंबई इंडियंस ने इस साल की शुरुआत में खिलाड़ियों की नीलामी में उनके बेस प्राइस 20 लाख में खरीदा था। उन्होंने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में मुंबई के लिए दो टी20 मैच खेले हैं। मुंबई इंडियंस की टीम इस समय आईपीएल 2021 अंकतालिका में 11 मैचों में पांच जीत के साथ 10 अंक लेकर पांचवें नंबर पर है। यूएई लेग में मुंबई इंडियंस की टीम पिछले चार मैचों में से सिर्फ एक ही मैच जीतने में सफल रही है। मुंबई इंडियंस ने हालांकि अपने पिछले मैच में मंगलवार को पंजाब किंग्स को छह विकेट से हराया है। टीम का अगला मुकाबला शनिवार को दिल्ली कैपिटल्स की टीम से है।

Comments