MP सरकार करेगी महिला हॉकी टीम का सम्मान:19 खिलाड़ियों को 31-31 लाख रुपये मिलेंगे, CM समेत मंत्री और फेडरेशन के पदाधिकारी रहेंगे मौजूद; ओलिंपिक में चौथे नंबर पर रही थी टीम

टोक्यो ओलिंपिक में चौथे नंबर पर रही भारतीय महिला हॉकी टीम का MP सरकार 28 सितंबर को सम्मान करेगी। प्रत्येक खिलाड़ी को 31-31 लाख रुपये दिए जाएंगे। कुल 19 खिलाड़ियों को सरकार 5.89 करोड़ रुपये देगी। CM शिवराज सिंह चौहान, खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया समेत हॉकी फेडरेशन के पदाधिकारी भी मौजूद रहेंगे। भोपाल के मिंटो हॉल में सम्मान समारोह होगा। CM और खेल मंत्री के अलावा हॉकी फेडरेशन ऑफ इंडिया और इंडियन ओलिंपिक एसोसिएशन के अध्यक्ष नरेंद्र ध्रुव बत्रा अतिथि होंगे। हॉकी इंडिया के अध्यक्ष ज्ञानेंद्रओ निगोमबम, हॉकी इंडिया की सीईओ एलीना नार्मन, सचिव राजेंद्र सिंह और महिला हॉकी टीम के कोच तुषार खांडेकर भी विशेष रूप से मौजूद रहेंगे। भारतीय महिला हॉकी टीम की सदस्य कप्तान रानी रामपाल, सविता पूनिया, दीप ग्रेस एक्का, निशा, गुरजीत कौर, सलीमा टेटे, उदिता, मोनिका, निक्की प्रधान, नेहा, पी. सुशीला चानू, वंदना कटारिया, नवनीत कौर, नवजोत कौर, शर्मिला देवी, लालरेम सियामी, ई. रजनी, रीना खोकर और नमिता टोप्पो। पहली बार सेमीफाइनल में जगह बनाई भारत की महिला हॉकी टीम ने टोक्यो ओलिंपिक में शानदार प्रदर्शन किया था। पहली बार ओलिंपिक के सेमीफाइनल में जगह बनाई थी। महिला टीम इससे पहले सिर्फ 2 बार ओलिंपिक खेली है। 1980 में टीम टॉप-4 में पहुंची थी। उस वक्त सेमीफाइनल फॉर्मेट नहीं था। वहीं 2012 रियो ओलिंपिक में टीम 12वें स्थान पर रही थी। टोक्यो ओलिंपिक में महिला हॉकी टीम ने पहली बार सेमीफाइनल तक का सफर तय कर ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की। कांस्य पदक के मुकाबले में भारतीय टीम को बेहद करीबी अंतर से इंग्लैंड से 3-4 से हार का सामना करना पड़ा था। 5 खिलाड़ियों ने MP में ली ट्रेनिंग खेल मंत्री सिंधिया ने बताया कि 2016 के रियो ओलिंपिक में ही मध्यप्रदेश राज्य महिला हॉकी अकादमी ग्वालियर में प्रशिक्षण प्राप्त 7 खिलाड़ियों ने भारतीय हॉकी टीम में अपनी छाप विश्व मंच पर छोड़ी थी। वहीं, 2020 के टोक्यो ओलिंपिक में भी मध्यप्रदेश राज्य महिला हॉकी अकादमी से प्रशिक्षित 5 खिलाड़ियों ने देश का प्रतिनिधित्व किया। इनमें सुशीला चानू, रीना खोखर ,मोनिका ,रजनी और वंदना कटारिया शामिल हैं। प्रदेश में हॉकी को पुनर्जीवित करने के लिए मध्य प्रदेश सरकार ने वर्ष 2006 में ग्वालियर में राज्य महिला हॉकी अकादमी की स्थापना की थी। यहां देश के चुनिंदा खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दिया जाता है। विश्व स्तरीय सर्व-सुविधायुक्त इस आधुनिक अकादमी ने कई खिलाड़ियों को अंतर्राष्ट्रीय मंच दिया है।

Comments