MP में 4 करोड़ को लग चुका पहला डोज:सितंबर अंत तक पहला डोज का लक्ष्य पाने के लिए रोज 6.15 लाख टीके लगाने होंगे; प्रदेश में पात्र आबादी 5.49 करोड़

कोरोना की तीसरी लहर की गंभीरता को रोकने के लिए मध्य प्रदेश में वैक्सीनेशन का अभियान तेजी से जारी है। सोमवार शाम तक प्रदेश में पहला डोज लेने वाले लोगों की संख्या 4 करोड़ के पार पहुंच गई। वहीं, अब तक 90.85 लाख लोग दूसरा डोज लगवा चुके हैं। सरकार ने सितंबर में प्रदेश की पात्र 5.49 करोड़ की आबादी को पहला डोज लगाने का लक्ष्य तय किया है। अब करीब 1.48 करोड़ लोगों को पहला डोज लगना बाकी है। इस हिसाब से लक्ष्य पूरा करने के लिए सितंबर के बचे हुए 24 दिन में रोज 6.15 लाख लोगों को वैक्सीन का पहला डोज लगाना होगा। प्रदेश में अभी इंदौर में सबसे ज्यादा 38 लाख 93 हजार 85 लोगों को वैक्सीन की डोज लग चुकी है। यहां पहला डोज 28 लाख 24 हजार 828 और दूसरा डोज 10 लाख 68 हजार 257 लोगों को लगा है। इसके बाद भोपाल में 24 लाख 63 हजार 473 डोज लगे हैं। इसमें पहला डोज 17 लाख 61 हजार 479 और दूसरा डोज 7 लाख 1 हजार 997 लोगों को लगा है। जबलपुर में कुल डोज 19 लाख 97 हजार 854 लगे हैं। इसमें पहला डोज 14 लाख 87 हजार 206 और दूसरा डोज 5 लाख 10 हजार 648 लोगों को लगा है। इसके अलावा कुल डोज उज्जैन में 17 लाख 4 हजार 812, सागर में 16 लाख 80 हजार 255 और ग्वालियर में 15 लाख 88 हजार 928 डोज लगे हैं। राज्य टीकाकरण अधिकारी डॉ. संतोष शुक्ला ने कहा कि प्रदेश में वैक्सीनेशन का काम तेजी से चल रहा है। लोगों को वैक्सीन के लिए जागरूक करने का भी काम चल रहा है।

Comments