रायसेन में छत से दागते रहे गोली:जमीन विवाद में पहले घर में घुसकर डंडे और पत्थरों से किया हमला; फिर ताबड़तोड़ फायरिंग की, एक की मौत, छह घायल

रायसेन में गोलीबारी का लाइव वीडियो सामने आया है। वीडियो में साफ नजर आ रहा है कि आरोपियों ने पहले जमकर डंडे और पत्थर चलाए। फिर गोलीबारी की। कभी छत से तो कभी नीचे आकर फायरिंग की। विवाद जमीन और रास्ते को लेकर हुआ था। इसमें दो लोगों को गोली लगी और एक की मौत हो गई। 5 अन्य लोग घायल हुए हैं। घटना रायसेन के पठारी इलाके में बुधवार सुबह की है। गोलीकांड में एक की मौत से आक्रोशित परिजनों ने शहर के मुख्य मार्ग को 5 घंटे तक बंद किया था। परिजनों की मांग पर टीआई को लाइन अटैच, पटवारी को सस्पेंड और नायब तहसीलदार को बदल दिया गया। वहीं, आरोपी पक्ष के 8 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इन पर हत्या का केस दर्ज किया गया है। पठारी गांव में सभी शस्त्र निलंबित करने के कलेक्टर ने निर्देश भी दिए हैं। गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। गुरुवार को शव का अंतिम संस्कार किया गया है। किसकी मौत, कौन-कौन घायल... घटना में 38 साल के राजमोहन पुत्र मोहक सिंह की मौत हो गई है। वहीं, रघुराज सिंह यादव, राज मुकेश, अर्जुन यादव, मलखान सिंह, संतोष यादव को गंभीर चोट आई है। पुलिस ने मामले में रघुवीर यादव, सतेंद्र सौदान, रणवीर सिंह, फैजन, उधम सिंह, अरुण, धर्मेंद्र, शुभम और सोनू को नामदज आरोपी बनाया है। पुलिस एक्शन लेती तो जान बच जाती राजमोहन के भांजे अभिषेक यादव का कहना है कि रघुवीर सिंह यादव के परिवार ने मेरे मामा पक्ष के घर के आसपास तार फेंसिंग कर रास्ता रोक दिया है। रात को तलवार लेकर गालियां दी। शिकायत करने थाने पहुंचे तो टीआई जगदीश सिद्धू ने कहा अभी कोई मरा नहीं है। मर्डर हो जाए तब आ जाना। सुबह हमारे घरों पर पत्थर बरसाए। छत से गोलियां दागी। इसी दौरान मेरे दो मामा को गोली लग गई। एक की मौत हो गई। जिम्मेदार बोले.... एसपी मोनिका शुक्ला का कहना है कि पठारी गांव में हुए विवाद में एक व्यक्ति की मौत हुई है। लोगों की मांग पर थाना प्रभारी को लाइन अटैच कर दिया गया है। वहीं, 8 लोगों के खिलाफ नामजद हत्या का केस दर्ज किया गया है। कुछ गिरफ्त में आ गए हैं। बाकी को तलाश रहे हैं। कलेक्टर उमाशंकर भार्गव ने बताया कि पठारी गांव में बहुत दुखद घटना हुई है। एक व्यक्ति की मौत फायरिंग में हुई है। पटवारी को मामले में सस्पेंड किया गया है। नायब तहसीलदार को हटा दिया गया है। इसके अलावा गांव में शस्त्र लाइसेंस को निलंबित करने के निर्देश दिए गए हैं।

Comments