भोपाल के सुल्तानिया हॉस्पिटल में प्लास्टर गिरा:इलाज कराने आई महिला घायल, पास खड़ी कई मरीज बाल-बाल बचीं; 120 साल पुरानी है बिल्डिंग

भोपाल के तलैया स्थित सुल्तानिया लेडी हॉस्पिटल में गुरुवार को छत का प्लास्टर गिर गया। इलाज कराने आई महिला OPD खिड़की के पास खड़ी थी, तभी करीब 15 फीट ऊंची छत से प्लास्टर का बड़ा टुकड़ा भर-भराकर गिर पड़ा। इससे महिला को कंधे, सिर और हाथ में चोट आई है। उसे तुरंत हॉस्पिटल में भर्ती किया गया। हादसे के बाद मरीज और परिजनों में नाराजगी देखने को मिली। बिल्डिंग करीब 120 साल पुरानी है। इसके कई हिस्से जर्जर है। भानपुर कल्याण नगर की यास्मीन (25) पति खालिद गुरुवार को बीमार होने से जांच करवाने के लिए मां फरजाना बी और बहन फरहाना बी के साथ लेडी हॉस्पिटल आई थी। OPD खिड़की पर मां और बहन परचा बनवाने लगी। वहीं, यास्मीन पास में खड़ी थी, तभी छत का बड़ा सा छज्जा उसके ऊपर गिर पड़ा। इससे हॉस्पिटल में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। कई महिलाएं बची यास्मीन के पास में 8 से 10 महिलाएं खड़ी थीं, जो बाल-बाल बच गईं। अर्जुन नगर की परवीन ने बताया कि हम लोग यास्मीन से कुछ फीट दूर ही खड़े थे। हटते नहीं तो मैं और मेरे साथ महिलाएं घायल हो जातीं। वह बहन के साथ हॉस्पिटल में आई थी। नई बिल्डिंग बन गई, लेकिन शिफ्ट नहीं हुआ हॉस्पिटल हमीदिया अस्पताल के D ब्लॉक में सुल्तानिया लेडी हॉस्पिटल को शिफ्ट किया जाना है। पीआईयू का अभी बिल्डिंग में फिनिशिंग वर्क बाकी है। भोपाल कमिश्नर कवींद्र कियावत ने 30 सितंबर तक बिल्डिंग तैयार करने को कहा था, लेकिन अभी तक बिल्डिंग तैयार नहीं हो पाई है। हालांकि, कुछ अधिकारियों का कहना है कि अस्पताल को कोरोना की तीसरी लहर की आशंका के चलते शिफ्ट नहीं किया जा रहा है। दूसरी ओर सुल्तानिया हॉस्पिटल में डिलिवरी के लिए महिलाओं की भीड़ रहती है। हर रोज 20 से 25 डिलिवरी होती हैं। महिला को हल्की चोट आई सुल्तानिया अस्पताल के अधीक्षक डॉ. विजय नंदमेर के मुताबिक बिल्डिंग का प्लास्टर गिरा है। एक महिला को हल्की चोट आई थी। उन्हें प्राथमिक इलाज दिया गया। सोशल मीडिया पर भ्रामक खबर चल रही है कि कई लोग घायल हो गए। ऐसा कुछ नहीं है।

Comments