गर्लफ्रेंड और उसकी मां की हत्या कर किया सुसाइड:पूर्व सरपंच ने लिव इन पार्टनर और सास को कुल्हाड़ी से मारा, फिर खुद भी ट्रेन के सामने कूदा

खंडवा के मथेला गांव में देर रात पूर्व सरपंच ने लिव इन पार्टनर और उसकी मां की कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी। सरपंच ने गर्लफ्रेंड के भाई और उसकी पत्नी को भी लहूलुहान कर दिया। इसके बाद खुद ने ट्रेन के सामने कूदकर जान दे दी। महिला को लिव इन पार्टनर बनाकर रखने के कारण लड़की और उसके भाई के साथ पूर्व सरपंच की रंजिश चल रही थी। रात में भी दोनों के बीच विवाद हुआ था। मोघट रोड थाना क्षेत्र के सिहाड़ा में रेलवे ट्रैक पर शुक्रवार सुबह एक व्यक्ति का शव मिला था। शव की पहचान राधेश्याम (45) मथेला के पूर्व सरपंच के रूप में हुई। पुलिस को जानकारी मिली कि मथेला गांव के ही कालू और उसकी पत्नी रीनाबाई को अस्पताल में भर्ती किया गया है। दोनों की हालत गंभीर है। गांव के लोगों से पूछताछ करने पर मामले का खुलासा हुआ। पुलिस के मुताबिक सुसाइड से पहले राधेश्याम ने लिव इन पार्टनर कालीबाई (40) और कालीबाई की मां शायरा (62) की कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी थी। इसके बाद खुद भी ट्रेन के सामने कूद गया। राधेश्याम पेशे से मजदूर था। रात 2 बजे हुआ विवाद पुलिस के मुताबिक राधेश्याम और उसकी गर्लफ्रेंड की मां गांव में आमने-सामने रहते हैं। गुरुवार देर रात करीब 2 बजे राधेश्याम और उसकी पत्नी कालीबाई के बीच किसी बात पर झगड़ा हो रहा था। झगड़ा होता देख कालीबाई की मां शायरा, भाई कालू और उसकी पत्नी रीनाबाई आ गए। राधेश्याम की इनसे भी कहासुनी हो गई। गुस्से में राधेश्याम ने कालीबाई, शायरा, कालू और रीनाबाई पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हमले में कालीबाई और शायरा की मौके पर मौत हो गई। कालू और रीनाबाई खून से लथपथ हो गए। इसके बाद राधेश्याम ने भी घर से भाग कर ट्रेन के सामने कूद कर जान दे दी। 4 माह के हैं जुड़वां बच्चे एडिशनल एसपी सीमा अलावा ने बताया कि प्राथमिक जांच में सामने आया है कि राधेश्याम की पहली पत्नी की चार साल पहले मौत हो गई थी। पहली पत्नी से भी उसे दो लड़के हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। करीब डेढ़ साल पहले पड़ोस की रहने वाली कालीबाई के साथ उसका अफेयर हो गया। इसके बाद वह राधेश्याम के साथ पत्नी की तरह रहने लगी। यह बात कालीबाई के परिवार वालों को पसंद नहीं थी। इस बात को लेकर पहले भी कई बार विवाद हुआ था। इसी को लेकर रंजिश भी चल रही थी। कालीबाई ने 4 माह पहले ही जुड़वां बच्चों को जन्म दिया। फिलहाल, बच्चों को उनकी दादी यानी राधेश्याम की मां के सुपुर्द किया है।

Comments