करोंद में गैस सिलेंडर में लगी आग:खतरे से बेपरवाह महिलाएं-बच्चे जलते सिलेंडर के पास जाकर ताक-झांक करते रहे, विस्फोट होता तो मच जाती तबाही

भोपाल के करोंद इलाके में शनिवार सुबह करीब नौ बजे खाना बनाते समय रसोई गैस सिलेंडर में अचानक आग लग गई। करीब 5 मिनट तक सिलेंडर भभकता रहा। सिलेंडर से ऊंची लपटें उठ रही थीं। घटना में लोगों की लापरवाही भी सामने आई। आसपास के लोग, बच्चे, महिलाएं जलते सिलेंडर के समीप जाकर ताका-झांकी करते रहे। वे सिलेंडर के विस्फोट के अंजाम से बेफिक्र नजर आए। गनीमत रही कि सिलेंडर में विस्फोट नहीं हुआ। अन्यथा, लोगों की लापरवाही बड़ी घटना में तब्दील हो जाती। फायर कर्मचारी पंकज यादव ने बताया कि शनिवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे शिवनगर करोंद में रहने वाले तोरण सिंह कुशवाह के कमरे में रखे सिलेंडर आग लगी थी। तोरण ने बताया कि सिलेंडर में दो दिन से गैस लीक हो रही थी। लीकेज रोकने के लिए उसने रेगुलेटर भी बदला, लेकिन गैस का रिसाव बंद नहीं हुआ। शनिवार सुबह वह खाना बनाने के लिए गैस चूल्हे को लाइटर से जलाया। इसी बीच अचानक आग भड़क उठी। जिससे तोरण झुलस गया। वह जान बचाकर बाहर भागा। करीब 5 मिनट तक सिलेंडर से आग भभकती रही। बाद में स्थानीय लोगों ने गीले कपड़े से आग पर काबू पाया। तोरण मामूली रूप से झुलस गया है। उसके बाल जल गए हैं। पहले कमरे में रखा था सिलेंडर सिलेंडर मकान के पहले कमरे में रखा था। ऐसे में घर के सदस्य अंदर फंस गए। वे छत के रास्ते दूसरे मकान पर उतरकर बाहर आए। पंकज यादव ने बताया कि सिलेंडर के नोजल में खराबी रही होगी। जिसकी वजह से गैस का रिसाव हो रहा था। स्थानीय लोगों ने बड़ी घटना होने से बचा लिया।

Comments