भोपाल में नेक पहल- 'जनता फ्रिज':लोग जरूरतमंदों के लिए रख सकते हैं खाना

भोपाल में 'नेकी की दीवार' की तर्ज पर एक और नेक पहल की शुरूआत की गई है। चूना भट्‌टी स्थित बुद्ध विहार में 'जनता फ्रिज' रखा गया है। इसमें खाने-पीने का सामान रख सकते हैं। जिसे जरूरत हो, वो यहां से ले जा सकता है। दो दिन में बड़ी तादाद में लोग जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे भी आए हैं। फ्रिज में करीब 100 लोगों की जरूरत का भोजन रखा जा सकता है। पास में ही काउंटर भी बना है। यहां अनाज, कपड़े, कंबल, गर्म कपड़ों से लेकर दवाएं तक लोग रखकर जा रहे हैं। 'नेकी की दीवार' भी एक पहल है। इसमें लोग जरूरतमंदों के लिए दीवार पर कपड़े टांग जाते हैं। जिसे जरूरत होती है, वो दीवार से कपड़े ले जाता है। दो दिन पहले लोकार्पण जनता फ्रिज का लोकार्पण दो दिन पहले भंते शाक्यपुत्र सागर ने बुद्ध वंदना के साथ किया। इसके बाद जरूरतमंदों की मदद करने के लिए बड़ी संख्या में लोग आगे आए। शुक्रवार को कई सेवाभावी संगठनों के अलावा सरकारी सेवा से रिटायर्ड बुजुर्ग भी पहुंचे। ललिताराम जनविकास कल्याण समिति भोपाल के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र मिश्रा साथियों के साथ दूध-बिस्किट लेकर पहुंचे। उन्होंने बताया कि जरूरतमंदों की मदद के लिए यह सार्थक पहल है। हमारी संस्था प्रतिदिन मदद करने को आगे आएगी। ऐसे आया आइडिया भंते सागर थेरो ने बताया कि कई संगठन और लोग हैं, जो सेवा कार्य में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हैं। लॉकडाउन के दौरान इन्होंने लोगों की मदद की। बुद्ध विहार के लोगों ने भी कई स्थानों पर जरूरतमंदों को भोजन बांटा, तभी से मन में विचार था कि कोरोना काल के बाद भी तो जरूरतमंदों को पेट भरने के लिए भोजन चाहिए। इस बीच तमिलनाडु में कम्युनिटी फ्रिज की शुरुआत होने का समाचार पढ़ा, तो यहां भी योजना को मूर्त रूप देने का निर्णय लिया। इसके बाद डबल डोर फ्रिज को तैयार कराया। इसमें एक लाख से अधिक का खर्च आया। इसे दानदाताओं ने वहन किया है। खुद आओ, लेकर जाओ भंते सागर थेरो ने बताया कि जनता फ्रिज को ऐसे स्थान पर रखा गया है, जहां से हजारों लोग गुजरते हैं, ताकि सामान रखने और ले जाने में उन्हें आसानी हो। फ्रिज के पास कोई भी कर्मचारी तैनात नहीं होगा। खुद आओ और सामान रखकर जाओ या फिर लेकर जा सकते हैं। CCTV भी लगाया है।

Comments