बकरी के लिए दंपती पर जानलेवा हमला:हमले में घायल महिला बेसुध होकर सड़क पर गिरी, मौका पाते ही आरोपी भागे

भोपाल के अशोका गार्डन में बकरी बांधने को लेकर हुए विवाद में चार आरोपियों ने दंपती पर राड-डंडे से हमला कर दिया। हमले में दंपती की हालत नाजुक बनी हुई है। दोनों का हमीदिया अस्पताल में इलाज चल रहा है। देर रात सूचना पर पहुंची पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है। फिलहाल, आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। राजा खान के सिर पर लगी गंभीर चोट। एएसआई राजकुमार गौतम ने बताया कि दषमेश नगर अशोका गार्डन में रहने वाले राजा खान पुत्र सफीक खान (42) पेशे से ड्रायवर हैं। राजा के पड़ोस में मुनज्जिम खान रहता है। मुनज्जिम ने बकरियां पाल रखी हैं। बकरियां को वह घर के बाहर बांधता है। इससे गंदगी होती है और बदबू आती है। इसी बात को लेकर पड़ोसी राजा का उससे आए रोज विवाद होता रहता था। शनिवार शाम भी बकरियां बांधने को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर मुनज्जिम खान, असफाक, दानिश और मोअज्जम ने मिलकर राजा से मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने डंडे और राड से उस पर हमला किया। पति की चीख सुनकर राजा की पत्नी फरहत बीच-बचाव करने पहुंची। उस पर भी आरोपियों ने जानलेवा हमला कर दिया। सिर पर डंडा और राड से हमला होने के कारण पति-पत्नी बेसुध होकर गिर गए। उन्हें एंबुलेंस की मदद से हमीदिया अस्पताल पहुंचाया गया। दोनों की हालत नाजुक है। देर रात करीब 11 बजे अस्पताल की सूचना पर पहुंची पुलिस ने राजा खान की शिकायत पर चारों आरोपियों में मुनज्जिम, असफाक, दानिश और मोअज्जम खान पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है। एएसआई गौतम का कहना है कि वारदात के बाद से सभी आरोपी फरार है और उनकी तलाश की जा रही है।

Comments