गुजरात पुलिस ने MP के पत्रकार को हिरासत में लिया:बापू को श्रद्धांजलि देने के लिए भोपाल से साबरमती गए, पुलिस ने सुबह होटल से उठाया, 6 घंटे पूछताछ़ के बाद छोड़ा

गुजरात की साबरमती पुलिस ने ग्वालियर के वरिष्ठ पत्रकार व कवि डॉ. राकेश पाठक को शनिवार सुबह हिरासत में ले लिया। पुलिस को संदेह था कि वह कोई प्रदर्शन कर सकते हैं। वह राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए साबरमती आश्रम गए थे। हालांकि करीब 6 घंटे तक पूछताछ के बाद उन्हें छोड़ दिया गया। डॉ. पाठक ने बताया कि वह साबरमती आश्रम के थोड़ी दूर एक होटल में रुके हैं। शनिवार सुबह करीब 6 बजे साबरमती थाना पुलिस यहां पहुंची। इसके बाद उन्हें सीधे थाने लेकर आ गई। यहां 6 घंटे तक हिरासत में रखा गया। पूछने पर पुलिस ने वजह नहीं बताई। इस दौरान उन्हें पानी-खाना तक नहीं दिया गया। इंटेलिजेंस इनपुट पर हिरासत में लिया नाम नहीं छापने की शर्त पर साबरमती पुलिस स्टेशन से जुड़े पुलिस अधिकारी ने बताया कि डॉ. पाठक ने गांधी आश्रम डेवलपमेंट के सिलसिले में सोशल मीडिया पर विवादित कमेंट किया था। इसके चलते इंटेलिजेंस से सूचना मिलने पर पुलिस ने उन्हें होटल से उठा लिया। 6 घंटे तक डिटेन कर उनसे जरूरी पूछताछ की गई। पुलिस को जब उनके खिलाफ साक्ष्य नहीं मिले, तब उन्हें छोड़ा गया। हालांकि, पाठक का कहना है कि उन्होंने किसी तरह के विवादित कमेंट पोस्ट नहीं किए हैं। पुलिस गलत बता रही है।

Comments