दो दोस्तों की बाइक भिड़ीं, दोनों की मौत:एक बहन को कार दिलाकर लौट रहा था, दूसरे को मां ने धनतेरस पर घर बुलाया था

भोपाल के ईंटखेड़ी इलाके में मंगलवार रात दो बाइक आमने-सामने भिड़ गईं। हादसे में दो जिगरी दोस्तों की मौत हो गई। इनमें एक युवक बैरसिया में रहने वाली बहन को कार खरीदवा कर बाइक से भोपाल आ रहा था। ईंटखेड़ी के पास रास्ते में उसकी बाइक भोपाल से बैरसिया जा रहे दोस्त की बाइक से टकरा गई। हादसे में दोनों दोस्तों की मौके पर मौत हो गई। पुलिस हादसे की वजह तेज रफ्तार मान रही है। सुंदरपुरा बैरसिया निवासी विनोद यादव (27) और बैरसिया निवासी जीतेन्द्र यादव उर्फ जीतू (35) दोनों करीबी दोस्त थे। विनोद भोपाल में निजी अस्पताल की कैंटीन में जॉब करता था। जीतू ठेकेदारी करता था। वर्तमान में वह अवधपुरी में रहता था। मंगलवार को जीतू अपनी बहन को कार खरीदवाने बैरसिया गया था। कार खरीदने के बाद उसकी पूजा कर वह बाइक से अपने कर्मचारी रामसेवक के साथ भोपाल आ रहा था। रात करीब नौ बजे वह अंजनी धाम मंदिर के पास पहुंचा ही था कि भोपाल से बैरसिया की तरफ जा रहे विनोद की बाइक से उसकी बाइक की भिड़ंत हो गई। भिड़ंत इतनी जोरदार हुई कि तीनों लहूलुहान हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने एंबुलेंस की मदद से तीनों को हमीदिया अस्पताल भेजा। तब तक काफी देर हो चुकी थी। विनोद और जीतू की मौत हो चुकी थी, जबकि जीतू के कर्मचारी रामसेवक का इलाज चल रहा है। पांच बहनों में इकलौता भाई था विनोद विनोद पांच बहनों में एकलौता भाई था। चार महीने पहले ही उसकी शादी हुई थी। पिता धन्नालाल किसान हैं। घटना के बाद से मां बेसुध है। विनोद के शव का पीएम कराने आए उसके परिजन ने बताया कि विनोद और जीतू करीबी दोस्त थे। दोनों ने एक ही उस्ताद से पहलवानी सीखी थी, हालांकि जीतू अब पहलवानी नहीं कर रहा था। विनोद भी कभी-कभी ही प्रैक्टिस करने जाता था। धनतेरस के लिए मां ने घर बुलाया विनोद के परिजनों ने बताया कि वह हर रोज बैरसिया से भोपाल बाइक से अप-डाउन करता था। कभी-कभी वह भोपाल में रुक जाता था। मंगलवार को उसकी मां फूंदी बाई ने फोन कर बोला कि आज धनतेरस है। घर में पूजा करनी है, इसलिए जल्दी घर आ जाना। पूजा के लिए विनोद घर जा रहा था। रास्ते में सड़क हादसे में उसकी मौत हो गई। सुबह घर वापस आने के लिए कहकर निकला जीतू का भी घर बैरसिया में है। रात होने की वजह से परिजन ने उसे भोपाल जाने से रोका भी था, लेकिन वह बोला कि बुधवार सुबह वह फिर बैरसिया आ जाएगा, लेकिन रास्ते में हादसे का शिकार हो गया।

Comments